सोनभद्र जिले के बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के पास गुरुवार सुबह खड़े टैंकर में कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पति-बेटी सहित परिवार के पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी एक परिवार कार से रेणुकूट होते हुए रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था। सुबह बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के पास सड़क किनारे खड़े टैंकर में कार पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने रूचि सिंह (33) पत्नी पवन सिंह निवासी सिकंदरपुर, बलिया को मृत घोषित कर दिया।