कैंट स्टेशन पर अनाउंस सिस्टम से ट्रेन के लेट होने की जानकारी तो अनाउंस किया जा रहा था लेकिन इसकी वजह नहीं बताने से आगे की यात्रा करने वाले यात्री परेशान थे। पुलिस भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से प्लेटफॉर्म खचाखच भरा रहा, जिसे जहां जगह मिला वह बैठा रहा।
12791 सिकंदराबाद दानापुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस वाराणसी स्टेशन पर निर्धारित समय 1.25 से 10 मिनट पहले 1.15 बजे प्लेटफॉर्म 3 पर आ गई, लेकिन आगे मेगा ब्लॉक लेने की वजह से इस ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। 40 मिनट बाद यह ट्रेन दोपहर 2.15 बजे रवाना हुई।
रात में आने वाली ट्रेन सुबह पहुंची, शाम वाली कामायनी भोर में पहुंची
दादर से 8 जून को बलिया के लिए जाने वाली वाली 01025 दादर बलिया स्पेशल जिसको 9 जून की रात 9.45 बजे आना था, वह 9.20 घंटे की देरी से सुबह 7.10 बजे आई। उधर, लोकमान्य तिलक से वाराणसी आने वाली 11071 कामायनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 7.45 बजे से 6 घंटे लेट होकर बृहस्पतिवार आधी रात बाद 1.45 बजे पहुंची। इस वजह से इस ट्रेन से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।