उत्तर रेलवे के कैंट स्टेशन पर यूटीएस टिकट एप के कारण पिछले एक साल में चार लाख यात्री जनरल काउंटर से कम हो गए। बिना काउंटर पर लाइन लगाए टिकट लेने पर कैंट स्टेशन को डेढ़ करोड़ रुपये फायदा हुआ है।
कैंट स्टेशन के निदेशक गौरव दीक्षित ने बताया कि यूटीएस से टिकट लेने वाले यात्रियों की संख्या में साल दर साल वृद्धि हो रही है। वर्ष 2022-23 में यूटीएस से 2.55 लाख टिकट बिक्री और 75.86 लाख की आय हुई थी। वहीं, वर्ष 2023-24 में यूटीएस से टिकट बिक्री बढ़ी और चार लाख टिकट बिक गए, जिससे कैंट स्टेशन को एक करोड़ 42 लाख की आय हुई।
रेल यात्रियों की सुविधा के लिए कैंट स्टेशन के यात्री आश्रय में पांच से छह काउंटर भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा चार से पांच एटीवीएम से भी यात्री टिकट बनवा रहे हैं। यूटीएस के तहत बिना लाइन में लगे यात्री जनरल टिकट लेकर ट्रेन में सफर कर सकते हैं। नकदी लेनदेन का झंझट भी यात्रियों को नहीं होगा।
500 करोड़ की कमाई वाला स्टेशन बना कैंट
पर्यटकों के फुटफाल बढ़ने से कैंट रेलवे स्टेशन की कमाई साल भर में 500 करोड़ हो गई है। बुकिंग, आरक्षण, प्रचार प्रसार और पार्किंग की इनकम बढ़ी है। वर्ष 2022-23 में कैंट स्टेशन की कुल कमाई 51,178,985,74 रुपये और 2023-24 में 58,491,924,88 रुपये की आय हुई है।
कैंट स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित के अनुसार प्रचार-प्रसार और पार्किंग की कमाई दोगुनी हुई है। वर्ष 2022-23 में 22,852,370 रुपये की आय थी और वर्ष 2023-24 में यह बढ़कर 41,985,356 रुपये तक पहुंच गई।