ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी की निगरानी और जाम की समस्या का अध्ययन कर समाधान के लिए वाराणसी के चौकाघाट चौराहा पर चार इंटरनेट प्रोटोकॉल कैमरे लगाए गए।
नाइट विजन सुविधायुक्त यह कैमरे चौराहे के चारों तरफ 70-70 मीटर दूरी तक की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही ये कैमरे 10 अधिकारियों के मोबाइल से कनेक्ट रहेंगे। इनके द्वारा की गई रिकार्डिंग 15 दिन तक सुरक्षित रहेगी।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि 50 हजार रुपये एक कैमरे की लागत है और इसे वलय साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने नि:शुल्क उपलब्ध कराया है। सोमवार से चौकाघाट चौराहा के चारों कैमरे काम करना शुरू कर दिए हैं। इसी तरह शहर के अन्य 10 प्रमुख चौराहों पर चार-चार कैमरे लगाए जाएंगे।
बताया कि इन कैमरों की मदद से अधिकारी शहर में कहीं भी रहकर अपने मोबाइल के माध्यम से मातहतों की कार्यशैली देख सकेंगे। साथ ही, यह भी पता चल सकेेगा कि चौराहे पर कब-क्यों जाम लगता है और समस्या के समाधान के लिए क्या ठोस उपाय किए जा सकते हैं।