मालवाहक ऑटो पलटा, 10 श्रद्धालु घायल
बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर जा रहे श्रद्धालुओं का मालवाहक ऑटो भोजूबीर मछली सट्टी के पास डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। ऑटो सवार 18 श्रद्धालुओं में से 10 को हल्की चोट लगी। घायल श्रद्धालुओं का प्राथमिक उपचार पुलिस ने दीनदयाल राजकीय अस्पताल में कराया। सभी श्रद्धालु पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के चीका गांव निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मालवाहक ऑटो को कब्जे में ले लिया है। श्रद्धालुओं ने बताया कि वह अयोध्या से आए थे।
प्रयागराज जा रही स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, पांच घायल
चौबेपुर के बहादुरपुर गांव के समीप चौबेपुर कट के पास प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक वाहन के पीछे टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार सात लोगों में पांच की हालत गंभीर बताई गई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर चौबेपुर थाने की पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
बिहार के सीतामढ़ी जिले के मानपौर की आरती (45), पुनीता (40), उदय साह (55), रजनीश (45), चालक और गांव के दो अन्य लोगों के साथ स्कॉर्पियो से प्रयागराज जा रहे थे। बहादुरगांव गांव के समीप चौबेपुर कट के पास स्कॉर्पियो आगे चल रही वाहन के पीछे टकरा गई।