विरोध प्रदर्शन में पहुंचे अजय राय समेत कई नेता
राजघाट स्थित सर्व सेवा संघ के ध्वस्तीकरण को लेकर विरोध का स्वर तेज हो गया है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय राय समेत कई नेता शुक्रवार को सर्व सेवा संघ पहुंचे। हालांकि हाईकोर्ट में इसको लेकर एक याचिका भी दायर की गई है। जिसपर शुक्रवार को सुनवाई होनी है। सर्व सेवा संघ में भारी फोर्स के साथ भवन का ध्वस्तीकरण कर पूरे जमीन को खाली कराया जाएगा। इस जमीन पर कार्रवाई के लिए रेलवे द्वारा नोटिस जारी की जा चुकी है। इस मामले में महात्मा गांधी की विरासत को बचाने के लिए वहां रहने वाले गांधीवादी नेताओं ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन अपनी बात पर अडिग है। उधर, प्रियंका गांधी ने फेसबुक पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि भाजपाई प्रशासन द्वारा इसे अवैध बताकर कार्यवाही शुरू करना महात्मा गांधी के विचारों और उनकी विरासत पर एक और हमला करने की कोशिश है।
सर्व सेवा संघ की जमीन को बचाने के लिए देश भर से गांधीवादी विचारक व बुद्धिजीवी वाराणसी पहुंचने लगे हैं। भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर और प्रो. आनंद कुमार भी वाराणसी पहुंच सकते हैं। इसके अलावा डॉ सुनीलम, पूर्व सांसद अनिल हेगड़े, रघु ठाकुर, अमरनाथ, महादेव, बिहार से विनोद रंजन, पंकज, विजय, मनोहर मानव, सत्येंद्र सिंह, जेपी सिंह और अनोखेलाल सहित 50 से अधिक लोग पहुंच चुके हैं। इसके अलावा लोकतंत्र सेनानी विजय नारायण, पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह, राधेश्याम सिंह, सतनाम सिंह, कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय, संजीव सिंह, विनय राय मुन्ना, गांधी स्मारक निधि के लाल बहादुर राय, राबर्ट्सगंज से पूर्व चेयरमैन समाजवादी अजय शेखर भी पहुंच रहे हैं।