बड़ी बहन का अस्थि कलश लेकर काशी आए भाई और बहन ने सिगरा थाना के परेड कोठी के होटल सिटी इन के कमरा नंबर 2005 में विषाक्त का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो देखा कि दोनों की डेडबॉडी कमरे के फर्श पर पड़ी थी। कमरे में एक कागज पर सॉरी फॉरगिव अस लिखा मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया।
आधार कार्ड, पैन कार्ड से दोनों की पहचान हैदराबाद निवासी गणेश गौड़ गुनालापल्ली (46) और लक्ष्मी गुनालापल्ली (38) के रूप में हुई। पुलिस परिजनों से संपर्क में जुटी है। होटल मैनेजर आसिफ ने बताया कि दोनों ने आठ फरवरी को काशी दर्शन पूजन की बात कहकर होटल का कमरा बुक किया था। 10 फरवरी को चेक आउट था।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के मां-पिता का निधन दो साल पहले हो चुका है। 28 जनवरी को बड़ी बहन अमला देवी का निधन हुआ था। दोनों बहन का अस्थि कलश लेकर आठ फरवरी को काशी पहुंचे। होटल लिया और दो दिनों तक भ्रमण किया। देखा जाए तो 10 फरवरी को बड़ी बहन की तेरहवीं भी थी।
मंगलवार दोपहर दोनों को होटल छोड़ना था। जब होटल स्टाफ ने फोन किया और जवाब नहीं मिला तो उनके निजी नंबर पर कॉल किया। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खटखटाया गया। शक होने पर पुलिस को बुलाया।