अब रेल टिकट के लिए आपको रेलवे स्टेशन पर लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। अब डाकघरों से भी रेलवे टिकट की बुकिंग करा सकेंगे। शहरी इलाकों के साथ ही ग्रामीण इलाकों के डाकघरों में भी भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। सेवापुरी ब्लॉक में मंगलवार को आयोजित डाक मेले में पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने इसकी घोषणा की।
इससे डाक विभाग वाराणसी परिक्षेत्र के तहत आने वाले छह जिले वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, भदोही, चंदौली और बलिया के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। जिले के मॉडल ब्लॉक में आयोजित डाक मेले में पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि रेल टिकट बुकिंग की सुविधा वाराणसी डाक परिक्षेत्र के 1699 डाकघरों से मिलेगी।
डाक विभाग यह सेवा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) के माध्यम से देगा। इसके लिए सभी डाकघरों के कर्मियों के प्रशिक्षण के साथ ही यूजर आईडी और पासवर्ड भी देने की प्रक्रिया चल रही है। डाकघरों में रेलवे टिकट की बुकिंग की सुविधा मिलने से स्टेशनों के काउंटरों पर भीड़ का दबाव कम होगा।
इस दौरान वाराणसी (पश्चिम) डाक मंडल द्वारा विशेष अभियान चलाकर तीन हजार बच्चियों के सुकन्या समृद्धि खाते खुलवाए गए। बच्चियों को पोस्टमास्टर जनरल ने प्रवर डाक अधीक्षक राजन राव और डाक अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के साथ पासबुक सौंपकर सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सहायक अधीक्षक आरके चौहान, निरीक्षक शशिकांत कन्नौजिया, इंद्रजीत पाल, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक मैनेजर सुबलेश सिंह, पोस्टमास्टर सेवापुरी अनूप पांडेय, ग्राम प्रधान घोसिला पूजा सिंह आदि मौजूद रहे।