सत्य प्रकाश आर्य, रजनी गुप्ता और राजीव कुमार सिंह कर चुके हैं रक्तदान।
- फोटो : अमर उजाला
अस्पतालों में इलाज के दौरान अगर किसी मरीज को खून की जरूरत होती है तो ब्लड बैंक से डोनेट करने के बाद ही खून मिलता है। इन सबके बीच ब्लड बैंकों की ओर से हर महीने 500 यूनिट से ज्यादा ब्लड जरूरतमंद मरीजों (हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, कैंसर मरीज, गर्भवती महिलाएं आदि) को बिना डोनेट के ही दिया जाता है।
ऐसा तभी संभव हो जाता है, जब अधिक से अधिक लोग स्वैच्छिक रक्तदान करते हैं। अगर आप ऐसा करना चाहते हैं तो 14 जून को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से लगने वाले रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सेवा कर सकते हैं।
बीएचयू अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के साथ ही जिला महिला अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती बहुत से ऐसे मरीज होते हैं, जिनके साथ कोई डोनर नहीं होता है। ऐसे मरीजों की मदद के लिए समय-समय पर रक्तदान शिविर लगाकर लोगों से अपील की जाती है।
तीन जगहों पर आज लगेगा शिविर
विश्व रक्तदाता दिवस पर शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन और काशी रक्तदान-नेत्रदान कुटुंब के सहयोग से काशी विश्वनाथ धाम परिसर में रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है। सुबह 9 बजे 3 बजे तक लगने वाले शिविर में रक्तदान करने वालों को विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए वीआईपी गेट से प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा और दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भारत विकास परिषद वरुणा शाखा के सहयोग से भी शिविर लगाया जाएगा।
गर्भवती महिलाओं के लिए रजनी कर चुकी हैं 22 बार रक्तदान
बीएचयू ब्लड बैंक में मेडिकल सोशल वर्कर के पद पर कार्यरत रजनी गुप्ता अब तक गर्भवती महिलाओं के लिए 20 बार ब्लड और दो बार एसडीपी यानी सिंगल डोनर प्लेेट्लेट दे चुकी हैं। जब किसी मरीज के परिजन ब्लड के लिए आते हैं और उसके पास डोनर नहीं होता। तो रजनी तुरंत खून देकर उसका सहयोग करती हैं।
158 बार रक्तदार चुके हैं 58 साल के सत्यप्रकाश
चेतगंज निवासी सत्य प्रकाश आर्य 58 साल की उम्र में अब तक 158 बार रक्तदान कर चुके हैं। इसमें 123 बार ब्लड डोनेशन जबकि 35 एसडीपी कर चुके हैं। आज तक किसी तरह का कोई सेहत पर दुष्प्रभाव नहीं पड़ा। उनका कहना है कि पहली बार 1984 में हरियाणा में रहने के दौरान एक मरीज के इलाज के लिए रक्तदान किया था। सत्यप्रकाश का कहना है कि उनके साथ-साथ अब परिवार के अन्य सदस्य भी इस मुहिम में जुड़ गए हैं।
सूचना मिलते ही रक्तदान करने पहुंच जाते हैं एसआई राजकुमार
उत्तर प्रदेश पुलिस के 2015 बैच के सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह कमिश्नरेट के कपसेठी थाने के थानेदार हैं। राजीव प्रयागराज और वाराणसी के ब्लड डोनर ग्रुप से जुड़े हुए हैं। किसी भी असहाय या निर्धन या जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त की जरूरत की जानकारी राजीव को मिलती है तो वह उसकी मदद के लिए तत्काल रक्तदान करने ब्लड बैंक चले जाते हैं। उनका कहना है कि किसी की मदद करने के बाद जो सुकून मिलता है, उसकी कोई कल्पना नहीं है।