भीषण गर्मी और बेचैनी से राहत नहीं मिल पा रही है। स्थिति यह है कि जहां सड़क पर लोग चलते-चलते गिर जा रहे हैं वहीं इमरजेंसी और ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। गुरुवार को कर्नाटक से काशी भ्रमण पर आई एक महिला बीजेपी नेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
हालांकि मौत के सही कारण की जानकारी पोस्टमार्टम के बाद होगी लेकिन परिजनों के अनुसार गर्मी की वजह से तबीयत बिगड़ी। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर बीएचयू समेत जिले के अस्पतालों में 100 से अधिक मरीजों को भर्ती किया गया।
सुबह से ही तीखी धूप हो रही है तो दोपहर में गर्म हवाओं के चलने से बेचैनी हो रही है। बुधवार की तरह ही गुरुवार को भी दिन में गर्मी अधिक रही, जिससे लोग परेशान हो गए। गुरुवार की दोपहर में फूलपुर निवासी सरस्वती मिश्रा (75) को चक्कर खाकर गिर गई थी। परिजन दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यहां इमरजेंसी में बुखार, उल्टी-दस्त, पेट दर्द, चक्कर आने से परेशान करीब 95 मरीज पहुंचे, जिसमें 30 को भर्ती किया गया। उधर मंडलीय असपताल कबीरचौरा की इमरजेंसी में भी 50 से अधिक लोगों को पिछले 24 घंटे में भर्ती किया गया, जिनको उल्टी-दस्त, बेचैनी, बुखार आदि की समस्या थी।
जंगमबाड़ी मठ में रहने वाली कर्नाटक की बीजेपी महिला नेता रथन्नमा (56) को बुधवार की रात उल्टी दस्त होने लगा। परिजन मंडलीय अस्पताल लेकर गए। यहां आराम मिलने के बाद वापस मठ आ गए। कुछ देर बाद मठ में उनकी मौत हो गई।
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने स्थानीय स्तर पर जिला मंत्री शिवानंद राय को सूचना दी। इसके बाद शिवानंद ने जिला प्रशासन की मदद से महिला का पोसटमार्टम करवाकर परिजनों को शव सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।
इसके अलावा मिंट हाउस के पास गुरुवार की दोपहर में एक पेड़ के नीचे अज्ञात युवक का शव मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को लोगों ने बताया कि करीब 50 वर्षीय व्यक्ति सुबह सड़क पारकरते समय दिखा। दोपहर में सड़क पर गिरने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।