चंदौली की चार विधान सभा सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना शनिवार को मंडी परिसर में संपन्न हुई। तीन विधान सभा सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया वहीं सपा एक सीट हथियाने में सफल रही। मुगलसराय से भाजपा की साधना सिंह, पूर्वांचल की सबसे हॉट सीट सैयदराजा से सुशील सिंह और चकिया सुरक्षित से शारदा प्रसाद ने जीत दर्ज की ।
वहीं सकलडीहा से सपा के प्रभुनारायन सिंह यादव ने जीत का स्वाद चखा। प्रेक्षकों की निगरानी में विधान सभा क्षेत्रों के आरओ ने सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र दिया। विधान सभा चुनाव की मतगणना शनिवार को सुबह आठ बजे से शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलटों की गिनती की गई।
इसके बाद विधान सभावार बनाए गए टेबलों पर ईवीएम में पड़े मतों की गिनती का कार्य शुरू हुआ। शुरुआती दो चक्रों में सैयदराजा, सकलडीहा और मुगलसराय में सपा प्रत्याशी आगे रहे वहीं चकिया में भाजपा के शारदा प्रसाद ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी।
जैसे-जैसे मतगणना आते बढ़ती गई तीन विधान सभाओं में भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। सकलडीहा को छोड़कर शेष तीन विधान सभाओं में भाजपा प्रत्याशी अपने निकटतम प्रतिद्वंदियों से आगे बढ़ते गए।
सकलडीहा से सपा के प्रभुनारायन यादव और चकिया से भाजपा के शारदा प्रसाद ने अपने प्रतिद्वंदियों को एक दफा भी आगे निकलने का मौका नहीं दिया।
तीन विधान सभा सीटों पर भाजपा का कब्जा
vineet singh
- फोटो : अमर उजाला
मुगलसराय की गणना 27 चक्रों में, सैयदराजा की 24 चक्र, सकलडीहा की 23 और चकिया की गणना 28 चक्रों में पूर्ण हुई। सबसे पहले मुगलसराय विधान सभा विधान सभा का परिणाम घोषित किया गया।
यहां भाजपा की साधना सिंह ने सपा के बाबू लाल यादव को 13243 मतों के अंतर से पराजित किया। साधना को 87401 मत प्राप्त हुए वहीं सपा के बाबूलाल को 74158 और बसपा के तिलकधारी बिंद को 57219 व निवर्तमान विधायक और प्रमासपा प्रत्याशी बब्बन चौहान 7811 वोट प्राप्त हुए।
सकलडीहा से सपा के प्रभुनारायन सिंह यादव ने भाजपा के सूर्यमुनी तिवारी को 14969 मतों के अंतर से पराजित किया। प्रभुनारायन को 79875 वोट, सूर्यमुनी को 64906 और बसपा के उपेंद्र सिंह को 52175 मत प्राप्त हुए।
सैयदराजा से निवर्तमान विधायक सुशील सिंह ने बसपा के श्यामनारायण सिंह को 14494 मतों से पराजित किया। सुशील सिंह को 78869, श्यामनारायण को 64375 और सपा के मनोज सिंह को 44832 मत प्राप्त हुए।
चकिया से भाजपा के शारदा प्रसाद ने बसपा के जितेंद्र कुमार को 20063 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। शारदा को 96890, जितेंद्र को 76827 और सपा की निवर्तमान विधायक पूनम सोनकर को 48687 वोट मिले।