भाजपा ने सोमवार की रात मैराथन बैठक के बाद वाराणसी नगर निगम के अलावा गंगापुर और रामनगर नगर पालिका परिषदों के प्रत्याशियों के चयन के लिए हर पद पर तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश चयन समिति को भेज दिया है। जिले के कुल 128 पदों के लिए 384 नामों का पैनल भेजा गया है। चयन समिति जिताऊ प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाएगी। प्रत्याशियों की पहली सूची दो नवंबर तक जारी होने के संकेत हैं।
वाराणसी नगर निगम के लिए पहले जहां पांच नामों का पैनल बनाया गया था, वहीं सोमवार को इसमें से दो नाम छंट गए। तीन नामों का पैनल बनाया गया। इसी तरह निगम के 90 वार्डों के लिए भी तीन-तीन नामों का पैनल बनाया गया। प्रदेश महामंत्री और निकाय चुनाव प्रभारी सलिल विश्नोई की मौजूदगी में हुई बैठक में लंबे विचार-विमर्श के बाद पैनल तैयार किए गए।
इस मौके पर विधि न्याय, सूचना, युवा खेल राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, उत्तरी के विधायक रवींद्र जायसवाल के अलावा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, अशोक चौरसिया के अलावा कई पदाधिकारी मौजूद थे।
इसी तरह विश्नोई ने रामनगर नगर पालिका परिषद के लिए चेयरमैन और 25 वार्डों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल फाइनल किया। उधर गंगापुर नगर पालिका के लिए चेयरमैन और 10 सभासद पदों के लिए भी तीन-तीन नामों के पैनल बनाकर भेजे गए।
विर्श्नोई ने बताया कि महापौर और पार्षद के प्रत्याशियों के नामों का फैसला प्रदेश चयन समिति करेगी, जबकि पालिका के चेयरमैन और सभासद पदों पर उम्मीदवारों का चयन क्षेत्रीय कमेटी द्वारा किया जाएगा।
कांग्रेस ने 37 वार्डों के प्रत्याशी घोषित किए
congress logo
नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस की बैठक में मेयर और सभी वार्डों के नाम पर सहमति बन गई है। सोमवार देर शाम कांग्रेस ने 37 वार्ड प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें 14 अल्पसंख्यक हैं। दूसरी सूची बुधवार को जारी की जाएगी।
सोमवार देर शाम महानगर अध्यक्ष सीताराम केसरी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक के बाद कांग्रेस ने गोला दीनानाथ से सीताराम केसरी, सरायगोवर्धन से संजय सिंह डाक्टर, कटेहर से अफजाल अंसारी, छित्तनपुरा से रेशमा परवीन, काजी सादुल्लापुरा से रमजान अली, अलईपुरा से रियाजुद्दीन मौलाना, नवापुरा से एखलाख अहमद, कामेश्वर महादेव से राजीव अग्रहरि, जगतगंज से वरुण सिंह बिसेन, सरैया से नुरुल हसन अंसारी, बेनिया से मोहम्मद सलीम, जंगमबाड़ी से अनूप मालवीय, लल्लापुरा कला से इस्माइल राईन, दारानगर से रियाज बबलू, बलुआबीर से तुफैल अंसारी, रामापुरा से प्रभात वर्मा, कमल गढ़हा से मलका नूरजहां, दशाश्वमेध से ब्रह्मदत्त त्रिपाठी, मदनपुरा से इशरत परवीन, कालभैरव से राजेंद्र मिश्रा, कमालपुरा से फरजाना बीबी, सलेमपुरा से नीलम खान, ईश्वरगंगी से मुन्ना लाल अग्रहरि, प्रह्लादघाट से दिवाकर मिश्रा, पांडेय हवेली से फिरदौस बेगम, काजीपुरा से राकेश सिंह, लहंगपुरा से अनीशा सोनी, लक्सा से रोहित चौरसिया, बागहड़ा से संकठा प्रसाद प्रजापति, राजघाट से राजू भारती, दानियालपुर से राज बाबू गौतम, छित्तुपुर से शिल्पा सरोज, राजा बाजार से हेमा देवी, चौकाघाट से अमित मौर्या, धूपचंडी से माधुरी सिंह, हबीबपुरा से मनोज यादव और नदेसर से जयप्रकाश विश्वकर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
कल घोषित हो सकता है सपा का मेयर उम्मीदवार
समाजवादी पार्टी
- फोटो : अमर उजाला
सपा में मेयर के उम्मीदवार की घोषणा बुधवार को हो सकती है। मेयर पद के दावेदारों पर चर्चा के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी के प्रभारी पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष यादव और महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल को लखनऊ बुलाया है।
मंगलवार को चर्चा के बाद मंगलवार की देर रात या फिर बुधवार को प्रत्याशी की घोषणा हो सकती है। सभाषद के प्रत्याशियों की घोषणा भी बुधवार को ही होने की उम्मीद है। सपा में मेयर पद के लिए 12 लोगों ने आवेदन किया है। वहीं 90 वार्ड के लिए 440 लोगों ने आवेदन किया है।
बसपा आज जारी करेगी प्रत्याशियों की सूची
बसपा ने मेयर और अध्यक्ष पद के साथ ही पार्षदी के लिए दावेदारों पर मंथन सोमवार को शुरू कर दिया। सुबह से लेकर देर रात तक वाराणसी और विंध्याचल मंडल के सात जिलों से पहड़िया स्थित मंडलीय कार्यालय पर आए दावेदारों की नब्ज टटोली और सूची तैयार की। मेयर, पालिका अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए 300 से अधिक आवेदन आए हैं।