सोमवार को अपरान्ह करीब सवा तीन बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने साथ लाए अज्ञात के सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। घटना वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कमौली गांव में नहर की पुलिया के पास की है। सूचना पर एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों का कहना है कि पहले तो लोग टायर फटने की आवाज समझे, लेकिन उधर से एक व्यक्ति गुजरा तो देखा कि एक अधेड़ व्यक्ति औंधे मुंह गिरा पड़ा है।
घटनास्थल पर थानाध्यक्ष चौबेपुर, सीओ पिंडरा, एस पी ग्रामीण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी भी मौके पर पहुंचे थे। फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच के लोग भी घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक अधेड़ की सीसीटीवी फुटेज घटना स्थल से लगभग एक किमी पहले तातेपुर(राजापुर) रोशनी बेल्डिंग की दुकान पर लगे कैमरे की है। जिसमें एक व्यक्ति काले रंग की पल्सर चला रहा है।
उसपर काले व सफेद छिटदार गमझे से मुंह बांधा एक अधेड़ व्यक्ति बैठा है जो सफेद रंग की सफारी और सफेद चप्पल पहन रखा है। घटना स्थल पर ठीक उसी प्रकार की पोशाक पहने व्यक्ति गिरा मिला है। फुटेज में उस मोटरसाइकिल से कुछ दूरी पर दो युवक भी एक बाइक से गुजरते दिख रहे हैं। घटना स्थल से दो सौ मीटर दूरी पर अनुसूचित बस्ती है।