फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: तीन दवा कारोबारियों की संपत्ति की कुर्क, आतिशबाजी पड़ गई भारी

Sun, 16 Mar 2025 06:27 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

ईडी ने वाराणसी और लखनऊ में स्थित तीन दवा कारोबारियों की संपत्ति कुर्क कर दी। यह कार्रवाई एनआरएचएम घोटाले से संबंधित है। वहीं, चौबेपुर थाना क्षेत्र में होली के दिन आतिशबाजी को लेकर मनबढ़ युवकों ने घर में घुसकर युवक की पिटाई कर दी। आईए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

News Update: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लखनऊ जोनल कार्यालय ने उत्तर प्रदेश में एनआरएचएम घोटाले के संबंध में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तीन दवाई कारोबारियों की 89.84 लाख रुपये की चल और अचल संपत्तियां कुर्क की है।

विज्ञापन


प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से बताया गया कि दस मार्च को कुर्क की गई संपत्तियों में एसके पांडेय और एके शुक्ला के नाम पर 68.62 लाख रुपये मूल्य की सात बैंक जमा राशि, निरुपमा पांडेय के नाम पर 10.16 लाख रुपये मूल्य का एक मकान और एसएन गुप्ता के नाम पर 11.06 लाख रुपये मूल्य का एक भूखंड शामिल है। ये अचल संपत्तियां लखनऊ और वाराणसी में स्थित हैं। ईडी ने वर्ष 2012 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। 

मारपीट के बाद युवक को घसीटने का वीडियो वायरल
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज बाजार में हथियर के रहने वाले अधिवक्ता के साथ मारपीट व लूट के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। वहीं, थाने के अंदर एक आरोपी को घसीटकर ले जाते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मी का हाथ छुड़ाकर भाग भी निकला। चोलापुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मारपीट का मामला था। इस मामले में दोनों पक्षों को थाने लाया गया था। एक पक्ष द्वारा दुर्व्यवहार किया गया, जिस पर युवक को पकड़कर थाने के अंदर लाया जा रहा था। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। 

विज्ञापन

मनबढ़ों ने घर में घुसकर की पिटाई, मुकदमा दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के बरही नेवादा गांव शुक्रवार को मनबढ़ों ने युवक के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित महेश गुप्ता, पिंटू गुप्ता व छोटेलाल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि घर पर सभी बैठे हुए थे, तभी शिवपूजन चौहान, दरोगा चौहान अच्छेलाल चौहान व संजय चौहान ने जानलेवा  हमला कर दिया। 

आतिशबाजी के दौरान मारपीट, छह पर केस 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उकथी गांव में होली के दिन आतिशबाजी को लेकर मनबढ़ युवकों ने घर में घुसकर युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने छह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित राजकुमार कन्नौजिया ने बताया कि मनबढ़ युवकों ने परिवार में अन्य सदस्यों को मारपीट कर घायल कर दिया। 

मिर्जामुराद में मारपीट में प्रधान समेत 7 लोग घायल
मिर्जामुराद के पिलोरी गांव में शुक्रवार को मारपीट में प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम मौर्य, व बेटा चंदन मौर्य घायल हो गए। दूसरे पक्ष के रवि बिंद, राजकुमार बिंद, धर्मेंद्र बिंद, रविन्द्र बिंद को गंभीर चोटें आई। वहीं दोनों पक्षों ने मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कराया। रखौना गांव में मनबढ़ युवकों ने रखौना के प्रधान गौरी शंकर को पिटाई कर दी। प्रधान ने नंदलाल पाल, हुबलाल पाल, सुजीत पाल व विश्वजीत के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया। 

होली के दिन पुरानी रंजिश में मारपीट, चार घायल
सारनाथ के अकथा में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश में पट्टीदारों के बीच मारपीट हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने दोनों पक्ष से छह लोगों को हिरासत में लिया। एक पक्ष से कन्हैया तिवारी, राजमणि तिवारी और दूसरे पक्ष से त्रिलोकी तिवारी, सुनील घायल हैं।

सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढ़ूपुर में युवक की पिटाई मामले में पुलिस ने छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित अभिषेक गोंड ने पुलिस को बताया कि दिलशाद अली ने पिटाई कर दी। चोलापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत साईं उदयपुर में शुक्रवार को मनबढ़ युवकों ने युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित सुधीर कुमार पांडेय ने दो के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

लोहे की राॅड से पत्नी काे पीटा, तहरीर
सेवापुरी के कपसेठी थाना क्षेत्र के चौकिया गांव निवासी पत्नी ने अपने पति पर लोहे की रॉड से पिटाई का आरोप लगाया। मायके पक्ष के लोग केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी युवती की शादी पिछले साल चौकिया गांव निवासी युवक से हुई थी। 

बाइक से धक्का और पिटाई के मामले में मुकदमा
शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर में शुक्रवार को बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी और पिटाई भी की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। मनोज राजभर ने पुलिस को बताया कि होली के दिन बेटा निखिल राजभर घर के सामने बैठा था। तभी पिसौर निवासी लक्ष्मण राजभर ने बाइक से बेटे को धक्का मार दिया। घायल बेटे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तभी लक्ष्मण अपने साथियों के साथ पहुंचा और पिटाई की। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

ईंट-भट्ठे पर हमला, पांच मजदूर घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के देवचंदपुर स्थित ईंट भट्ठे पर शुक्रवार को मनबढ़ों ने पांच मजदूरों की पिटाई की। सभी घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईंट भट्ठा संचालक छोटेलाल पटेल ने बताया कि सुबह मिरिश शर्मा अपने चार साथियों के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर रामबली राम मुंशी, सीताराम राजभर, राम सिंह यादव, जोगिंदर बनवासी और महेंद्र यादव की पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर सभी धमकी देकर फरार हो गए। दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। 

घर में घुसकर की मारपीट, लूट का भी आरोप
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बगवानाला में रहने वाले सुनील राजभर के घर में घुस कर मनबढ़ों ने पिटाई और तोड़फोड़ की। इस मामले में सुनील की पत्नी पूजा राजभर ने अशोक बिहार काॅलोनी निवासी सोनू सोनकर और सौरभ सिंह समेत 25 के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़िता पूजा ने बताया कि सोनू और सौरभ अपने दोस्तों के साथ जबरन घर में घुस गए। सभी ने सुनील समेत घर के बुजुर्गों और बच्चों को मारा पीटा। आभूषण लूटे और बाइक में तोड़फोड़ की। 

होली पर शराब के नशे में कई जगहों पर मारपीट
होली पर शराब के नशे में कई स्थानों पर युवकों में मारपीट हुई। आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट में मनोज कुमार को मामूली विवाद में पड़ोस में रहने वाले युवकों ने पत्थर से मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मनोज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कोनिया और हनुमान फाटक इलाके में शराब के नशे में धुत्त युवकों के गुट में आपस में मारपीट हुई। उधर, कोतवाली थाना के तहत हरतीरथ क्षेत्र में रंग खेलने को लेकर बब्लू यादव और संजय कुमार के बीच विवाद हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

बिजली कर्मियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियो की बैठक शनिवार शाम भिखारीपुर के समीप मंदिर परिसर में हुई। इसमें समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निजीकरण के विरोध में आंदोलन करने का निर्णय लिया। उन्होंने चेतावनी दी की अगर निजीकरण की प्रक्रिया न रोकने पर आंदोलन तेज हो जाएगा।

मीडिया प्रभारी अंकुर पांडेय ने बताया कि बिजलीकर्मी 17 मार्च को डिस्कॉम से संबंधित सभी जिलो के बिजली कार्यालयों पर विरोध करेंगे। प्रबंधन के ट्रांजेक्शन कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया को अवैधानिक करार देते हुए आंदोलन का निर्णय लिया। बैठक में आरके वाही, मायाशंकर तिवारी, नरेंद्र वर्मा, राम कुमार झा, राजेंद्र सिंह, ओपी सिंह मौजूद रहे। 

सपाइयों ने मनाई कांशीराम की जयंती
अर्दली बाजार स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार को कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर जयंती मनाई गई। जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि दलितों को अधिकार दिलाने की लड़ाई में कांशीराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की राजनीति की धारा को बदलने में उन्हें कड़े संघर्ष और चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, भीष्म नारायण यादव, धर्मेंद्र यादव, विद्या भारती मौजूद रहे। 

एसटीपी का पानी, फसलों पर संकट
चिरईगांव क्षेत्र में स्थित गोइठहां के 120 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से शोधित मलजल के नाम पर शारदा सहायक नहर में पानी छोड़े जाने से किसानों की फसल खतरे में पड़ गई है। नहर में छोड़े गए इस पानी के कारण जाल्हूपुर, विशुनपुरा, उकथी और रमना जैसे अंतिम छोर के गांवों में पानी ओवरफ्लो होने लगा है।

नहर के किनारे बसे गांवों के किसानों नंदलाल तिवारी, लालजी  ने चिंता व्यक्त की है कि नहर में सफाई न होने के कारण पानी ओवरफ्लो कर रहा है।अगर यह गंदा पानी उनकी खेतों में प्रवेश कर जाता है, तो दाना और भूसा दोनों ही उपयोग के लायक नहीं रहेंगे।

आईडीबीआई बैंक ने प्राथमिक विद्यालयों को कूलर-पंखे दिए
आईडीबीआई बैंक ने अपनी सीएसआर पहल के तहत होली के मौके पर प्राथमिक विद्यालयों को कूलर-पंखे प्रदान किए। बैंक की सिगरा शाखा ने इस पहल का शुभारंभ कर ईश्वरीगंज प्राथमिक विद्यालय को एक आरओ, एक वाटर कूलर और दो एयर कूलर और तीन पंखे, जबकि प्राथमिक विद्यालय धूपचांदी को एक आरओ, एक वाटर कूलर, चार एयर कूलर और 10 पंखे सौंपे। इस मौके पर शाखा प्रमुख स्वप्निल साहू, शीतांशु जायसवाल, स्कंद गुप्ता, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार पांडेय, अनूप लाल यादव, आशीष कुमार आदि उपस्थित रहे।

जव्वादिया अरबी कॉलेज में हुआ 100 साल पुराना कदीमी रोजा इफ्तार
14 रमजान को जव्वादिया अरबी कॉलेज में सौ साल पुराना कदीमी रोजा इफ्तार मौलाना समीम उल हसन साहब के संयोजन में हुआ। इफ्तार के बाद नबी के बड़े नवासे इमाम हसन की जयंती की पूर्व संध्या पर महफिल सजी।

इसमें कई शायरों ने कलाम पेश किए। मौलाना नदीम असगर ने नूरानी तकरीर पेश की। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि अंग्रेजी तारीख से इमाम की विलादत को 1400 साल पूरे हुए हैं। सन् 625 में इमाम मदीने में पैदा हुए और हिजरी तारीख के मुताबिक 1443 साल पहले इमाम की विलादत मदीने में हुई थी। अली और फातिमा के बड़े बेटे इमाम हुसैन के बड़े भाई इमाम हसन की विलादत का जश्न 18 मार्च तक मनेगा। 

रविवार को ईमानिया अरबी कॉलेज में महफिल सजेगी। मंगलवार को मस्जिद मीर नजीर औरंगाबाद में भी इमाम की शान में महफिल सजाई जाएगी। जव्वादिया अरबी कॉलेज में मौलाना जमीरुल हसन ने लोगों का स्वागत किया और इफ्तार में कॉलेज के छात्रों ने पूरा सहयोग किया। मौलाना वसीम असगर और अमीन ने शुक्रिया अदा किया। इमाम हसन का दस्तरखान सजाकर लोगों को दावत भी दी गई। 

शांतिपूर्ण ढंग से हुई जुमे की नमाज
रमजान के दूसरे जुमे की नमाज शुक्रवार को शहर से लेकर गांव तक शांतिपूर्ण ढंग से हुई। पुलिस की सुरक्षा के बीच नमाजियों ने नमाज अदा की। शहर की मस्जिदों में दो बजे से नमाज शुरू हुई। नमाजी भी डेढ़ बजे से ही नमाज के लिए निकले। नदेसर स्थित जामा मस्जिद, ज्ञानवापी सहित शहर की सभी मस्जिदों में दो बजे से नमाज शुरू हुई। मस्जिदों के बाहर जगह-जगह एहतियातन पुलिस और पीएसी तैनात की गई थी। प्रशासन के आग्रह पर शहर ए काजी और मुफ्ती ए शहर ने नमाज पढ़ने का समय दोपहर बाद दिन में दो बजे रखा था। 

बिस्सू जी मंदिर में उड़े गुलाल और गुलाब की पंखुड़ियां
बनारस के प्राचीन परंपरा में शामिल बाबू माधव, बाबू बिस्सू, बड़ी कचहरी एवं छोटी कचहरी परिवार का संयुक्त होली मिलन समारोह शनिवार को मैदागिन स्थित प्राचीन बिस्सू जी मंदिर में हुआ। सभी ने एक दूसरे से मिलकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में मंदिर में स्थापित श्री लक्ष्मीनारायण विग्रह, श्रीराधारमण जी एवं प्रभु श्रीराम दरबार का भव्य शृंगार किया गया था। सायंकाल होली मिलन समारोह में स्थानीय कलाकारों ने संगीत के द्वारा होली के रंग को दुगुना कर दिया। 

त्रिदेव मंदिर में विग्रहों संग भक्तों ने खेली होली
तुम झोली भर लो भक्तों रंग गुलाल से, होली खेलागा आया गिरधर गोपाल से..., होली आई रे, झूमकर गाओ भक्तों यह फागण रोज-रोज नहीं आना... की धुन से दुर्गाकुंड स्थित त्रिदेव मंदिर का प्रांगण गुंजायमान हो उठा। शुक्रवार की शाम को त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से भक्तों के लिए होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शुक्रवार की शाम तीनों विग्रहों की रंग बिरंगी फूलों से अलौकिक झांकी सजाई गई। मंदिर परिसर को पतियों फूलों व विद्युत झालरों से सजाया गया। समाज की महिलाएं, पुरुषों और बच्चों ने तीनों विग्रहों संग गुलाब की पंखुड़ियों से जमकर होली खेली। 

होली मिलन समारोह में खूब उड़े गुलाल, गूंजी चैती 
समाजिक संस्था विश्व बंधु लायंस क्लब व धार्मिक संस्था श्री लाट भैरव भजन मंडल की ओर से शनिवार को तेलियाना स्थित क्लब सभागार में 41वां होली मिलन समारोह व नवर्षाभिनंदन का आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह में लाल, पीले, हरे, नीले और गुलाबी गुलाल हवा में उड़ाने के साथ ही चैती व फगुआ की धुन भी गूंजती रही। शनिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ श्री राम जानकी मंदिर के महंत रामदास महाराज ने दीप जलाकर किया। 

पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को लगाए गुलाल, दी बधाई
पुलिस कमिश्नर कार्यालय, पुलिस आयुक्त आवास व पुलिस लाइन और जिले के थानों में शनिवार को पुलिस अफसरों, पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। होली की बधाई, शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने लोकगीत और डांस कर माहौल को और खास बना दिया।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि होली भाईचारे का पर्व है, जो हमें सभी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाने का संदेश देता है। पुलिसकर्मियों ने होली का त्योहार सकुशल संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

नाव से आए हमलावरों ने 12 लोगों को पीटा 
चोलापुर थाना क्षेत्र के भदवा गोमती नदी के किनारे जौनपुर चंदवक से आए लोगों ने मारपीट की। दो वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिए। भदवा गांव में होली के दिन रंग खेलने के बाद 12 युवक गोमती नदी में नहाने गए। नदी के दूसरे छोर पर चंदवक थाना क्षेत्र के वीरीवारी के समीप गोमती घाट पर कुछ युवक स्नान कर रहे थे। दोनों तरफ से युवकों के बीच कहासुनी हुई। 

आरोप है कि चंदवक थाना क्षेत्र के वीरीवारी गांव से 30 -35 की संख्या में युवक नाव से चढ़कर नदी किनारे भदवा गांव पहुंचे, जहां पर मौजूद 12 से अधिक लोगों की पिटाई की। इसके बाद दो वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जब बस्ती के लोगों को पता चला तो लाठी डंडा लेकर दौड़े, तब तक हमलावर भाग निकले थे। पिटाई से प्रहलाद, लालू, विकास, अजीत को चोटें आई। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कार्रवाई नहीं कर सकी। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। 

मंडुवाडीह में मजदूर का शव पेड़ से लटका मिला
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंचनपुर स्थित वैष्णो नगर काॅलोनी में शनिवार की सुबह युवक का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। साड़ी के फंदे से लटके युवक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुरेश कुमार मजदूरी करता था।

कंचनपुर निवासी सुरेश कुमार शुक्रवार की रात घर से निकला था। देर रात तक परिजनों ने खोजबीन की थी। सुबह घर के पास ही वैष्णो नगर काॅलोनी में एक आम के पेड़ की डाल पर साड़ी के फंदे से सुरेश कुमार का शव लटका देख लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के कारण युवक ने यह कदम उठाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। 

ई-रिक्शा में लगी आग, चालक बचा
रोहनिया बाजार में बीती रात ई-रिक्शा पर लदे सरपत (झाड़) में आग लग गई। आग से ई-रिक्शा का कुछ भाग जलकर नष्ट हो गया। वहीं, चालक बाल-बाल बच गया। आसपास के लोगों ने पानी फेंक आग पर काबू पाया। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली निवासी गुड्डू अपने ई-रिक्शा से केशरीपुर से शरपत लादकर होलिका में डालने जा रहा था। आतिशबाजी के दौरान शरपत में आग पकड़ ली। 

गंगा में नहाने गया किशोर डूबा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के चौकी घाट पर शुक्रवार को गंगा में नहाते समय किशोर डूब गया। एनडीआरएफ ने शव को बाहर निकाला। लोहता थाना क्षेत्र के महमूदपुर शिव मंदिर के पास का रहने वाला हर्ष गुप्ता (17) अपने बड़े भाई अभिषेक गुप्ता के साथ चौकी घाट पर नहाने गया था। इस दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। बड़े भाई अभिषेक गुप्ता के शोर मचाने पर पहुंचे नाविकों ने खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। एनडीआरएफ ने शव को बाहर निकाला। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। होली की खुशियां मातम में बदल 

हादसे में युवक की मौत
चंद्रा चौराहे से बलुआ मार्ग पर स्थित आशापुर गांव के सामने शुक्रवार की दोपहर में सड़क पार करते वक्त बाइक की टक्कर होने से  ध्रुव राजभर (28) की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए शव का दाह संस्कार कर दिया। शनिवार की दोपहर में स्थानीय थाने पर तहरीर दी। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सीसी फुटेज  से बाइक सवार को चिह्नत किया जाएगा। 

86 स्पेशल ट्रेनें लगाएंगी 382 फेरे
होली के बाद वापस जाने वालों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने 86 त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। ये ट्रेनें कुल 382 फेरे लगाएंगी। पूर्वोत्तर रेलवे के तमाम स्टेशनों से देश के महानगरों और अन्य बड़े शहरों के लिये 46 त्योहार स्पेशल ट्रेनें 198 फेरों में चलाई जा रही हैं। वहीं देश के बड़े शहरों से चलने वालीं 40 त्योहार स्पेशल ट्रेनें 184 फेरों में पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों से होकर गुजरेगी। 

इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई इंतजाम किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में प्रवेश कराया जा रहा है। फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) और भीड़भाड़ वाली जगहों पर आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। वाराणसी, गोरखपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। 

बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर को पेशेंट सेफ्टी अवाॅर्ड
आईएमएस बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर को मरीजों को बेहतर इलाज के लिए शनिवार को पेशेंट सेफ्टी अवाॅर्ड 2025 से नवाजा गया है। नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रोगी सुरक्षा सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, अनुप्रिया पटेल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर की मौजूदगी में यह सम्मान मिला। 

अवॉर्ड के लिए 78 संगठनों से 250 से अधिक नामांकन आए थे। ट्रॉमा सेंटर बीएचयू को रक्त आधान से जुड़े जोखिमों को कम करने, रोगी सुरक्षा बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवा में गुणवत्ता और सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया। सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह ने कहा कि ये पुरस्कार हमें मरीजों का बेहतर इलाज करते रहने के लिए प्रेरित करेगा। 

किताब में अस्थियों के डीएनए जांच की कहानी
बीएचयू के जंतु विज्ञान विभाग में छात्रों द्वारा तैयार एक किताब ‘अचिंत्य’ प्रकाशित की गई है। इसी में क्वीन केतवन की कहानी का जिक्र किया गया है।  इस्लाम कुबूल न करने के जुर्म में 400 साल पहले जार्जिया की महारानी क्वीन केतवन की गला दबाकर हत्या की गई थी। बीएचयू के पूर्व कुलपति डॉ. लालजी सिंह, शिष्य प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे और हैदराबाद के वैज्ञानिकों ने गोवा के चर्च में मिले एक कंकाल पर हुए डीएनए रिसर्च में खुलासा हुआ कि ये अस्थियां जार्जिया की हैं। 

भारत के डीएनए से कोई कनेक्शन नहीं मैच कर रहा था। वैज्ञानिकों ने 2005 में शोध शुरू किया और 15 साल में क्वीन केतवन की गुत्थी सुलझी। इसके बाद 2021 में विदेश मंत्री ने चर्च में मिली अस्थियां जार्जिया की सरकार को सौंप दी। क्वीन केतवन की अस्थियों को गोवा लाने वाले उनके ही भिक्षु शिष्य थे। 

रजिस्ट्रार-इंजीनियर पद पर आवेदन की तिथि बढ़ी
आईआईटी बीएचयू ने रजिस्ट्रार और सुप्रिंटेंडिंग इंजीनियर की भर्ती के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। 14 की जगह अब 24 मार्च तक दोनों पदों पर आवेदन के लिए फॉर्म भरा जा सकता है। अगले सप्ताह सोमवार शाम 5 बजे तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। समर्थ पोर्टल से आवेदन का लिंक हटा लिया जाएगा। 

हैकथॉन में विजेताओं को मिलेंगे 7 लाख
यूजीसी की ओर से शुरू ‘इनोवेटिव गोलस्टेट हैकथॉन’ इवेंट में रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। बीएचयू ने अपने आधिकारिक वेबसाइट पर सूचना जारी की है। 31 मार्च आवेदन की अंतिम तिथि है। प्रतियोगिता में यूजी और पीजी के साथ इससे ऊपर की योग्यता वाले स्टूडेंट्स हिस्सा ले सकते हैं। टॉप- 5 विजेताओं को 5 लाख और 25 प्रतिभागियों को 2 लाख रुपये इनाम मिलेंगे। 

शर्त ये है कि छात्र ने 2024-25 सत्र में यूजी, पीजी और डिप्लोमा पूरा किया हो। चयनित छात्र और छात्राओं को नेशनल स्टैटस्टिक्स ऑफिस एनएसओ के साथ काम करने मौका मिलेगा। विकसित भारत के लिए डाटा ड्राइवेन मेथड पर कार्य किया जाएगा। विजेताओं को इनाम इंडस्ट्री और एकेडमिक दोनों की ओर से दिया जाएगा। 

पहले नंबर पर आए विजेता को 2 लाख का इनाम, दो विजेताओं को 1-1 लाख, तीसरे स्थान वाले दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। 25 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के तहत 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। 
विज्ञापन

भूगोल विषय से पीजी के लिए हुआ एंट्रेंस
सीयूईटी पीजी प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन शनिवार को भूगोल की ऑनलाइन परीक्षा हुई। लमही के आगे बेलवा बाजार से लेकर शहर भर में कई सेंटर बनाए गए थे। रिपोर्टिंग टाइम दोपहर दो बजे का था, वहीं परीक्षा 4 से शुरू होकर 5.30 बजे तक खत्म हो गई। सेंटर पर कड़ाई इतनी ज्यादा थी कि जूते-मोजे तक उतरवा लिए गए। एनटीए ने वाराणसी सेंटर को यूपी-18 कोड दिया है। पहला पेपर 13 मार्च को कुछ सेंटरों पर शुरू हुआ था। 

आईआईटी बीएचयू में 22 मार्च से ‘क्रैक इट
आईआईटी बीएचयू में इंटर्नशिप और प्लेसमेंट को केंद्र में रखकर क्रैक इट के नाम से चार दिवसीय एजुकेशनल इवेंट की शुरुआत हो रही है। 22 मार्च को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर और 23 मार्च को कंसल्टिंग कार्यक्रम होगा। 29 मार्च को कोर, गेट और इंजीनियरिंग सर्विस एग्जामिनेशन को लेकर मंथन होगा। 30 मार्च को डेटा एनालिस्ट और डेटा साइंटिस्ट की ट्रेनिंग दी जाएगी। 6 अप्रैल को यूपीएससी क्रैक करने पर मंथन होगा। आईआईटी बीएचयू के सोशल सर्विस काउंसिल की ओर से कार्यक्रम कराया जा रहा है। 

आईयूसीटीई में 17 से 24 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण
बीएचयू के आईयूसीटीई में 17 से 24 मार्च तक आठ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एंपाॅवरिंग एजुकेटर्स इन द ग्लोबल साउथ की थीम पर  19 देशों के 60 से ज्यादा शिक्षक मंथन करेंगे। श्रीलंका, ट्यूनिशिया, ताजिकिस्तान, कजाकिस्तान, कैमरून, केन्या, उज्बेकिस्तान, मलेशिया, इथोपिया, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, सेशेल्स, दक्षिण सूडान, थाईलैंड, भूटान और माॅरीशस से शिक्षक आएंगे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें