News Update Today : बड़ागांव थाने की पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिये जमीन का बैनामा कराने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के सतारा जिले के तुलसीगांव के मूल निवासी और मुंबई के गोरेगंव के शंकर नगर स्थित अल्बर्ट कंपाउंड में रहने वाले मनोहर धुंडीराम ढेबे के रूप में हुई है।
मुकदमा वापस लेने के लिए की मारपीट, दी धमकी
शिवपुर थाने में चमाव पश्चिमपुर निवासी रंजीत सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गत 12 फरवरी को उनके साथ मारपीट हुई थी। उनके द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से गांव का भोपा पटेल उर्फ रवि उन्हें धमकी दे रहा है।
ट्रैक्टर ले जाने को लेकर विवाद, धमकाने का आरोप
बड़ागांव के गांगकलां (पश्चिम का पुरा) गांव में खेत जोतने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। प्रेम नाथ सिंह ने बड़ागांव थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह ग्रामसभा की संपत्ति से ट्रैक्टर लेकर अपना खेत जोतने जा रहे थे। उस दौरान उनके पड़ोसी रामबली, रामकिशोर, सूर्यबली, राहुल और शीला ने उन्हें रोक लिया। कहासुनी करते हुए आरोपियों ने ट्रैक्टर को आगे बढ़ने से रोक दिया और मारने की धमकी दी। बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पीटकर दी जान से मारने की धमकी
बड़ागांव के मारुडीह गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर पीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता मितलेश देवी ने बड़ागांव थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया है कि उनकी पट्टीदार पूनम देवी और कृष्ण कुमार तिवारी समेत अन्य लोगों ने गत 13 फरवरी उनके साथ मारपीट की। फिर गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
वीडीए ने ध्वस्त कराई अवैध प्लाॅटिंग
वीडीए ने जोन-3 में अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। कोतवाली वार्ड के सुधीर कुमार विश्वकर्मा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करा रहे थे। इस पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया। मौके पर जोनल अधिकारी सौरव देव प्रजापति अवर अभियंता रोहित कुमार उपस्थित रहे।
घर से कॉलेज के लिए निकली युवती लापता, केस
बड़ागांव के काजीसराय की 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने गत 13 फरवरी को अपनी बेटी के लापता होने की सूचना बड़ागांव थाने की पुलिस को दी। पिता की तहरीर पर देवरिया जिले के बरारी बैतालपुर निवासी सागर यादव के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पंचायत सचिवालय की सीढ़ी तोड़ने के मामले में केस
चिरईगांव ग्राम पंचायत सचिवालय की नवनिर्मित सीढ़ी तोड़ने का आरोप रोहित राज के ऊपर लगाते हुए ठेकेदार रवि प्रकाश सिंह ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी है। शनिवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर सीढ़ी तोड़ने की धमकी देने का आरोप बीते दिनों लगाया था।
भरोसे में लेकर शारीरिक संबंध बनाया, गिरफ्तार
मकान दिलाने का झांसा देकर रुपये लेने, भरोसे में लेकर शारीरिक संबंध स्थापित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को चितईपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साकेत नगर निवासी अर्जुन कुमार पांडेय के रूप में हुई है। इस संबंध में इंस्पेक्टर चितईपुर गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता ने गत 13 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराया था।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार किया गया
मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान रुद्र नगर कॉलोनी, केल्वरिया माता मंदिर, पहाड़ी निवासी तिजेंद्र नाथ आर्य के रूप में हुई है। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि एक महिला ने गत 14 फरवरी को तिजेंद्र नाथ आर्य के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
चकरोड खोदने पर मारपीट, तीन हिरासत में
लोहता के लखमीपुर गांव में बने पुराने चकरोड को खोदने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। ग्राम प्रधान जंग बहादुर पटेल ने बताया कि चकरोड को अपनी जमीन बताकर खोद रहे थे।
ग्राम प्रधान को मिली धमकी, मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव के प्रधान बेचू राम चौहान की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। प्रधान ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उसका पड़ोसी दिनेश चौहान और सुनीता देवी आए दिन बिना कारण के गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देते हैं।
आरोप से मुक्त करने की अर्जी कोर्ट ने खारिज की
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पूर्वोत्तर रेलवे महेंद्र कुमार पांडेय की अदालत ने लाखों रुपये के रेलवे कार्ड, टिकट और मूल्यवान प्रतिभूतियां गायब करने के मामले में सुरेमनपुर बलिया के तत्कालीन स्टेशन अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की ओर से आरोप मुक्त करने की अर्जी खारिज कर दी। मामले की अगली सुनवाई अब 18 फरवरी को होगी। अभियोजन के अनुसार, रेलवे टिकटों और मूल्यवान प्रतिभूतियों को बेचकर खुद और अन्य को अवैध लाभ पहुंचाने के मामले में सुरेमनपुर स्टेशन के अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह का नाम प्रकाश में आने पर उसे आरोपी बनाया गया।
सपा नेता के खिलाफ प्रोटेस्ट आवेदन कोर्ट ने स्वीकार किया
सपा नेता मनोज राय धूपचंडी के खिलाफ वाद-विवाद व धमकाने के भेलूपुर थाने के एक मामले में पुलिस की तरफ से दाखिल फाइनल रिपोर्ट पर वादी के प्रोटेस्ट आवेदन को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मंजूर कर लिया। कोर्ट ने वादी चेतगंज निवासी अधिवक्ता आयुष चंद्र राजपूत के आवेदन को परिवाद के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया है।
एनडीआरएफ ने महिला श्रद्धालु को बचाया
11वीं एनडीआरएफ ने शनिवार को गंगा में डूब रही एक महिला श्रद्धालुओं की जान बचाई। एनडीआरएफ की ओर से बताया गया कि लक्ष्मी साव (26) मणिकर्णिका घाट पर स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चली गईं। लोगों ने शोर मचाया तो एनडीआरएफ के जवान पहुंचकर श्रद्धालु को बचाया।
लखनऊ में गिरफ्तार सपा नेता का बयान दर्ज करने पहुंची कमिश्नरेट पुलिस
लखनऊ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए समाजवादी पार्टी के व्यापार सभा के अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल का बयान दर्ज करने के लिए शनिवार को कमिश्नरेट की पुलिस भी पहुंची।
बयान दर्ज करने के बाद पुलिस टीम वाराणसी के लिए रवाना हो गई। इस संबंध में एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में मनीष जगन अग्रवाल के खिलाफ भेलूपुर और चौक थाने में मुकदमा दर्ज है। मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी की सूचना पाकर पुलिस बयान दर्ज करने के लिए गई थी।
आज महाकुंभ के बीच आवाजाही करेंगी 26 स्पेशल ट्रेनें
महाकुंभ के लिए पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से रविवार को 26 कुंभ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। 05109 बनारस-झूंसी मेला स्पेशल बनारस से सुबह 8 बजे, 05105 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला दोपहर 12.30 बजे, 09538 बनारस-राजकोट मेला शाम 7.30 बजे और 05107 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला रात 8.30 बजे चलाई जाएगी। इसके अलावा रिंग रेल चलाई जा रही हैं। शनिवार की शाम 4 बजे पूर्वोत्तर रेलवे से होकर 21 मेला स्पेशल ट्रेनें चली। 20 नियमित ट्रेन व 4 रिंग रेल व 2 लंबी दूरी के ट्रेन समेत 47 ट्रेनें चलाई गईं।
18 फरवरी और चार को निरस्त रहेंगी 3 ट्रेनें
दुल्लहपुर-जखनियां-सदात खंड पर ब्लॉक के चलते ट्रेनों का मार्ग बदलाव, निरस्तीकरण और शार्ट टर्मिनेशन व शार्ट ओरिजिनेशन किया गया है। भटनी से 18 फरवरी व 4 मार्च को चलने वाली 65107 भटनी-वाराणसी सिटी मेमू और वाराणसी सिटी से 18 फरवरी व 04 मार्च को चलने वाली 55138 वाराणसी सिटी-भटनी सवारी ट्रेन निरस्त रहेगी।
मंदिर जा रहे पूर्व ग्राम प्रधान के पति की सड़क हादसे में मौत
संकटमोचन मंदिर जाने के दौरान करसड़ा में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार पूर्व ग्राम प्रधान के पति की मौत हो गई। हादसे में उनके दोस्त घायल हो गए। सूचना पाकर परिजनों ने शव की अंत्येष्टि कर दी।
नरोत्तमपुर जक्खिनी गांव निवासी अनिल सिंह (55) शनिवार की सुबह संकटमोचन मंदिर में दर्शन के लिए घर से बाइक से निकले थे। बाइक शाहंशाहपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह (54) चला रहे थे। दोनों लोग करसड़ा पहुंचे थे कि एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सड़क की पटरी पर गिर पड़े।
बाइक चला रहे धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे अनिल सिंह की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि एक पुत्र और एक पुत्री के पिता अनिल सिंह की पत्नी सरोज सिंह ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। अनिल सिंह के पिता सीताराम सिंह और मां विद्यावती देवी भी ग्राम प्रधान रह चुकी हैं।
बुजुर्ग की रास्ते में मौत
कछवा रोड स्थित गुड़िया गांव निवासी मंगरू राम (60) की शुक्रवार की देर रात मिर्जापुर जिले के कटका गांव के समीप संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजन शव घर ले आए और अनहोनी की आशंका जताते हुए मिर्जामुराद थाने की पुलिस को सूचना दिए। मंगरू राम के पुत्र नागेंद्र ने कहा कि उनके पिता के सीने में दर्द होने पर वह मिर्जापुर में दवा लेने गए थे।
इलाज 1 रुपये में, वाहन के लिए देने होंगे 15
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए एक रुपये की पर्ची कटती है। लेकिन गेट पर बने वाहन स्टैंड पर दो पहिया गाड़ी खड़ी करने के लिए 15 रुपये देने पड़ते हैं। यहां लगे बोर्ड में ईएसआईसी हॉस्पिटल से दीनदयाल अस्पताल के गेट तक स्टैंड बनाने की जानकारी लिखी है।
जिला अस्पताल में हर दिन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों से 1200 से अधिक मरीज आते हैं। अस्पताल में एक रुपये की ओपीडी पर्चा कटाकर लोग डॉक्टर को दिखा लेते हैं, जांच के लिए कोई फीस नहीं देना पड़ती है। ज्यादातर मरीज दो पहिया से ही आते हैं और अस्पताल परिसर में कोई स्टैंड नहीं है। स्टैंड में साइकिल का 5 रुपये और बाइक खड़ी करने पर 15 रुपये देना पड़ रहा है।
वरिष्ठ अधिवक्ता के निधन पर न्यायिक कार्य से विरत रहे
दीवानी के वरिष्ठ अधिवक्ता जटाशंकर सिंह के निधन पर सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के संयुक्त प्रस्ताव पर जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में शनिवार की दोपहर बाद फूल कोर्ट रेफरेंस का आयोजन कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके पूर्व सेंट्रल व बनारस बार एसोसिएशन ने शोक में संपूर्ण दिवस न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया था।
आईटीआई की टाटा लैब में आए 100 कंप्यूटर
आईटीआई करौंदी की टाटा लैब में 100 नए कंप्यूटर लगाए जा रहे हैं। अब यहां छात्र-छात्राएं ऑनलाइन परीक्षा देंगे। परीक्षा कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। लैब में तीन कोर्स चल रहे हैं। छात्रों ने इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल टेक्नीशियन, मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल में विशेष रुचि दिखाई।
टाटा ने इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल टेक्नीशियन कोर्स की शुरुआत की है। टाटा की ओर से लैब में प्रशिक्षण के लिए आईटीआई के तीन स्टाफ को ट्रेनिंग दी गई है। वहीं, दो स्टाफ टाटा ने रखे हैं। टाटा लैब के इंचार्ज बीबी राय ने बताया कि नए कंप्यूटर आ गए हैं। विद्यार्थियों को अब कंप्यूटर पर ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी।
विद्यालय को निपुण बनाने के लिए बनाएं रणनीति
बीआरसी मंगारी में शनिवार को सभी प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की कार्यशाला हुई। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा ने शत प्रतिशत विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए आवश्यक रणनीति बनाने का निर्देश दिया। रामसेवक यादव, वीरेंद्र कुमार, अजय सिंह आदि मौजूद रहे।
इलाज में फ्लो साइटोमेट्री तकनीक उपयोगी
आईएमएस बीएचयू के बोन मैरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) सेंटर में दो दिवसीय कार्यशाला में फ्लो साइटोमेट्री तकनीक के उपयोग पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने फ्लो साइटोमेट्री को बोनमैरो ट्रांसप्लांट के लिए उपयोगी तकनीक बताई। एम्स भुवनेश्वर के डॉ. गौरव छाबड़ा ने कहा कि समय-समय पर होने वाली कार्यशालाओं में अधिक से अधिक चिकित्सकों को भाग लेना चाहिए।
डॉ. हेमंत अग्रवाल ने कहा कि कार्यशाला पैथोलॉजिस्ट, हेमेटोलॉजिस्ट, शोधकर्ताओं और लैब विशेषज्ञों को कौशल से लैस करने में कारगर होगी। दो दिन में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में डॉ. श्रुति मिश्रा, प्रो. नीलेश कुमार, प्रो. रंजन भटनागर मौजूद रहे।
गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की निगरानी जरूरी
बीएचयू में गर्भवती महिलाओं के इलाज को लेकर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में विशेषज्ञों ने विस्तृत चर्चा की। फंडामेंटल क्रिटिकल केयर सपोर्ट की कार्यशाला में पीजीआई रोहतक से प्रो. कुंदन मित्तल और प्रो. प्रशांत किशोर ने महिलाओं को होने वाली समस्याओं पर चर्चा की।
कहा कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की विशेष निगरानी जरूरी होती है। इलाज के दौरान आईसीयू सहित अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में बारे में बताया। आयोजन सचिव डॉ. संदीप लोहा, प्रो. राजेश मीना, प्रो. विक्रम गुप्ता, डॉ. घनश्याम यादव, डॉ. राजीव दुबे के साथ ही प्रो. गोपालनाथ, प्रो. एपी सिंह, प्रो. संगीता राय मौजूद रहे।
सीआरपीएफ के डीजी ने परखी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा
सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी की सुरक्षा व्यवस्था परखी। पुलिस ऑफिसर और जवानों से मिलकर उन्हें जरूरी दिशानिर्देश दिए। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन भी किया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते वक्त उनके साथ 15 अधिकारी मौजूद थे। महानिदेशक ने 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का भी भ्रमण किया। उनके साथ मध्य सेक्टर लखनऊ के महानिरीक्षक एनके सिंह, 95 बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने विंध्यवासिनी मां के भी दर्शन किए।
500 भक्त श्याम ध्वजा लेकर जाएंगे खाटूधाम
काशी के 500 श्याम भक्त पांच मार्च को श्याम निशान लेकर खाटू श्याम दरबार जाएंगे। श्रीश्याम मंडल बनारस के बैनर तले भक्त शोभायात्रा निकालकर रवाना होंगे। श्याम प्रभु की झांकी भी शामिल रहेगी। निशान यात्रा सात को पहुंचेगी।
संस्था के अध्यक्ष दीपक बजाज व प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि पांच मार्च को श्याम मंदिर में शृंगार होगा। श्याम प्रभु की झांकी सजाई जाएगी। प्रभु की आरती उतारकर गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। कैंट स्टेशन भक्त निशान लेकर शाम को मरुधर एक्सप्रेस से जयपुर रवाना होंगे। वहां से पैदल खाटूधाम पहुंचेंगे।
मढ़ियों में दबे शिवालयों की सफाई और पूजन
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में स्वच्छता पखवाड़ा के छठवें दिन नमामि गंगे गंगा विचार मंच के सदस्यों ने पंचगंगा घाट स्थित प्राचीन शिवालय में सफाई की। घाट के मढ़ी में स्थित अति प्राचीन शिव मंदिर की सफाई की। मढ़ी में फैले बालू व मिट्टी को साफकर बाहर निकाले।
गंगाजल से पूरे परिसर को धुला गया। इसके बाद बाबा का अभिषेक कर चमेली के तेल, पुष्प, बेलपत्र, धूप, भस्म आदि नैवेद्य से शृंगार कर पूजन हुआ। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि, किरण पांडेय ने बताया कि पंचगंगा घाट पर कई मढ़ियों में सैकड़ों शिव विग्रह स्थापित हैं।
शोध पत्रों के प्रभावी प्रकाशन पर की चर्चा
अशोका इंस्टीट्यूट पहड़िया में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंजीनियरिंग विभाग की ओर से ‘नेविगेशन साइंटिफिक पब्लिशिंग स्टेप बाई स्टेप एक्सप्लोरेशन इन टू क्वालिटी पब्लिकेशन एंड इट्स इनपुट ऑन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग’ विषय पर ट्रेनिंग हुई। मुख्य वक्ता पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रानिक विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर विक्रांत भटेजा ने शोध पत्रों के प्रभावी प्रकाशन पर चर्चा की। स्वागत अशोका इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. बृजेश सिंह, अशोका स्कूल ऑफ बिजनेस के प्राचार्य डॉ. शिरीष श्रीवास्तव मौजूद रहे।
आकाश के मेधावियों का जेईई मेन में शानदार प्रदर्शन
जेईई मेन 2025 चरण-1 के घोषित परिणाम में आकाश वाराणसी सेंटर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। परीक्षा में संस्थान के लक्ष्य मौर्या ने 98.88 पर्सेंटाइल, देवांश गुप्ता ने 99.44 पर्सेंटाइल हासिल कर वाराणसी केअ टॉपर्स में जगह बनाई है।
संस्थान के निदेशक विष्णु देव तिवारी और आनंद प्रकाश पांडेय ने बताया कि संस्थान के हिमांशु यादव ने 98.97, विपुल प्रताप ने 98.75, वरुण खेमका ने 98.53, कृष्णा उपाध्याय ने 98.59, आयुष पटेल ने 98.58, सात्विक दुबे ने 98.53, योगेश चंद्र नागर ने 98.33, जानसी अग्रहरि ने 98.03, कत्यायनी अग्रवाल ने 98.02 पर्सेंटाइल प्राप्त किए हैं। वहीं, लगभग 30 विद्यार्थियों ने 95 पर्सेंटाइल से अधिक स्कोर किया है।
तुषार ने जेईई मेन में जिला टॉपर बनकर रचा इतिहास
एसएस पब्लिक स्कूल बाबतपुर के छात्र तुषार रघुवंशी ने जेईई मेन में 99.97 पर्सेंटाइल प्राप्त किया है। उन्होंने भौतिकी में 100 पर्सेंटाइल हासिल कर उत्कृष्ट प्रतिभा दिखाई। तुषार रघुवंशी ने 2023 में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर वाराणसी जिले में टॉप किया था।
वह कक्षा 1 से एसएस पब्लिक स्कूल के छात्र रहे हैं और अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से लगातार सफलता की नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। विद्यालय के निदेशक डॉ. प्रबोध नारायण सिंह, प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने शुभकामनाएं दी। डॉ. प्रबोध नारायण सिंह ने कहा कि तुषार रघुवंशी की सफलता कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय का परिणाम है। वह आगे भी इसी तरह सफलता प्राप्त करते रहे।
मास्टर फेयरवेल इशु, मिस फेयरवेल बनीं अनन्या
डैलिम्स सनबीम ग्रुप ऑफ स्कूल्स रोहनिया में बुधवार को कक्षा 12वीं के छात्रों का विदाई समारोह एस्पायर 2025 रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाबा मधोक, निर्देशिका पूजा मधोक, अतिरिक्त निदेशक माहिर मधोक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद कक्षा 11 के छात्रों ने स्वागत गीत की प्रस्तुति के माध्यम से 12वीं के छात्र-छात्राओं का अभिनंदन किया।
रॉकबैंड की धमाकेदार प्रस्तुति से भी सीनियर्स को झूमने पर मजबूर कर दिया। 12वीं के छात्र-छात्राओं ने स्कूल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही खट्टे-मीठे, सुनहरे और यादगार पलों को अनेक सांस्कृतिक नृत्य-संगीत से भरपूर कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान मास्टर फेयरवेल इशु गौतम और मिस फेयरवेल अनन्या सिंह बनीं। इसके अलावा अन्य कई टाइटल से भी छात्र-छात्राओं को नवाजा गया। इस दौरान डीन ऑफ एकेडमिक सुभोदीप डे, प्रधानाचार्य गुरमीत कौर उपस्थित रहीं।
भैठौली-मनियारी को मिला एनक्वास सर्टिफिकेट
भैठौली और मनियारी आयुष्मान आरोग्य मंदिर को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए एनक्वास सर्टिफिकेट मिला है। अब तक 21 ऐसे आरोग्य मंदिर का नाम इस सूची में शामिल हैं, जिन्हें सर्टिफिकेट मिल चुका है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि भैठौली ने 90 फीसदी, मनियारी ने 88 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।
उन्होंने दोनों केंद्रों पर कार्यरत अधिकारियों, एएनएम, आशा संगिनी, समस्त आशा कार्यकताओं और ग्राम प्रधानों को इस सफलता के लिए बधाई दी है। डॉ. तनवीर सिद्दीकी ने बताया कि 9 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 29 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का असेसमेंट हो चुका है। इसका परिणाम आना बाकी है।
किसानों को जैविक खेती के लिए वैज्ञानिकों ने किया प्रेरित
किसानों को जैविक खेती के बारे में जागरूक करने के लिए लखमीपुर गांव में जैविक किसान मेला लगा। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अर्चना सिंह पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से निजात पाने और स्वस्थ रहने के लिए किसानों को अब जैविक खेती करना होगा।
कृषि विभाग के वीरेंद्र गौतम ने किसानों को मिट्टी में जीवांश बढ़ाने, गो मूत्र, गोबर गुड़, चने का बेसन, जीवांश युक्त मिट्टी को मिलाकर जीवामृत घोल का प्रयोग, लाइन में फसलों की बुवाई करने, बीज शोधन के लिए ट्राइकोडरमा का प्रयोग, देशी बीज का प्रयोग और देसी गाय पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संचालन प्रोजेक्ट संयोजक अर्पित सिंह ने किया। मेले में लोकगीत गायक फूलचंद राजभर ने बिरहा के माध्यम से किसानों को जैविक खेती के बारे में जागरूक किया।
सब्जियों और फलों के रस से तैयार होंगे कॉस्मेटिक उत्पाद
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) में सब्जियों और फलों के रस से तैयार कॉस्मेटिक और स्वच्छता के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके लिए संस्थान ने तकनीक विकसित कर इकाई स्थापित की है।
संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने बताया कि इकाई का मुख्य उद्देश्य सब्जी फसलों के उत्पादन के बाद बाजार न मिलने की स्थिति में फसलों को विभिन्न उत्पादों में परिवर्तित करके किसानों को आर्थिक लाभ पहुंचाना है। इकाई का लोकार्पण निदेशक ने किया। इस मौके पर तेलंगाना यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डी राजी रेड्डी, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह आदि रहे।
डीयर पार्क में घूमने के साथ लीजिए सेल्फी
सारनाथ डीयर पार्क में साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से मेन गेट और सेल्फी पाॅइंट बनाया गया है। शनिवार को वन संरक्षक डॉ. रवि सिंह ने इसका उद्घाटन किया। 33 एकड़ जमीन पर फैले इस चिड़ियाघर में हिरण समेत पशु पक्षी रहते हैं। वन संरक्षक रवि कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों को आकर्षित करने के लिए नया गेट और सेल्फी पॉइंट बनाया गया है।
डीयर पार्क का सुंदरीकरण एवं सेल्फी पॉइंट बनाया गया है। इससे पर्यटक, स्कूली बच्चों तथा आम लोग आकर्षित होंगे। इसका उद्देश्य लोगों को वन्यजीवों के बारे में जागरूक करना है। जिससे उनका संरक्षण ठीक से किया जा सके। साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से सेल्फी पॉइंट और नवनिर्मित प्रवेश गेट बनाया गया है। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति श्रीवास्तव, उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव सुमिततानंदन थेरो मौजूद रहे।
तेलंगाना के विधायकों ने इरी का किया दौरा, शोध की जानकारी ली
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) चांदपुर में शनिवार को तेलंगाना राज्य के दो विधायकों ने दौरा किया। एक दिन के भ्रमण में विधायकों ने संस्थान में चल रहे धान की प्रजातियों पर चल रहे शोध के बारे जानकारी ली।
संस्थान के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने बताया कि तेलंगाना के मेडचल विधानसभा क्षेत्र से तेलुगु देशम पार्टी से विधायक मल्ला रेड्डी और मल्काजगिरी विधानसभा क्षेत्र से भारत राष्ट्र समिति पार्टी से विधायक मारी राजशेखर रेड्डी ने संस्थान का दौरा किया। दौरे का उद्देश्य संस्थान की अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को समझना था। कृषि अनुसंधान में इरी के योगदान और नवाचार को बढ़ावा देने में इसकी भूमिका को जानना था।
विधायक मल्ला रेड्डी ने अनुसंधान आधारित समाधानों को बढ़ावा देने के लिए संस्थान के प्रयासों की सराहना की और शैक्षिक प्रणाली को उन्नत करने के लिए तकनीकी प्रगति को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। राजशेखर रेड्डी ने अनुसंधान संस्थानों व शैक्षणिक संगठनों के बीच सहयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सोबती की कहानी सुनाएंगे काशीनाथ सिंह
बीएचयू में आज से प्रसिद्ध उपन्यास लेखिका और ज्ञानपीठ से सम्मानित कृष्णा सोबती की जन्मशती मनाई जाएगी। इसमें सुप्रसिद्ध कथाकार प्रो. काशीनाथ सिंह आएंगे और उनकी साहित्यिक यात्रा के अहम पड़ावों की चर्चा करेंगे।
मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र के महामना सभागार में दोपहर 12:30 बजे से ‘स्त्री यथार्थ और स्त्री आख्यान : भारतीय उपन्यास और कृष्णा सोबती’ विषय पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। विशिष्ट अतिथि ‘तद्भव’ पत्रिका के संपादक अखिलेश उपस्थित रहेंगे। बीज वक्तव्य प्रो. अनामिका देंगी।
नाटक से बच्चों ने दिया समाजसेवा का संदेश
कंपोजिट विद्यालय भरथरा के विद्यार्थियों ने वार्षिकोत्सव पर शनिवार को नृत्य और नाटक के माध्यम से समाज सुधार के संदेश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत खंड शिक्षाधिकारी रामपूजन पटेल ने की। इसके बाद वार्षिकोत्सव मनाया गया। मंच से बच्चों ने नरसिंह अवतार, समुद्र मंथन, महिषासुर वध, मोबाइल से होने वाले नुकसान, नशा उन्मूलन के साथ ही नृत्य और नाटक प्रस्तुत किया। इस दौरान विश्वबंधु सिंह, मनोज मौर्य, कुसुम कला सिंह, कृतिका शर्मा आदि मौजूद रही।
सेंट थॉमस स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुतियों से मोहा
सेंट थॉमस इंटरनेशनल स्कूल मुनारी रोड सारनाथ में शनिवार को वार्षिकोत्सव मनाया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से मन मोह लिया। मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव, विशिष्ट अतिथि बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक, डॉ. अंचल श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति सुमन, केसी श्रीवास्तव, अशोक सिंह, डॉ. शिवानंद यादव, विद्यालय के निदेशिका अक्षिता बहुगुणा, संयोजन डॉ. आशीष निधि वर्मा, प्रधानाचार्या मनीषा वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
सांसद टूरिस्ट गाइड : डेढ़ हजार ने कराया पंजीकरण
काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता के लिए हिस्सा लेने के लिए 1500 टूर आपॅरेटरों, गाइड और पर्यटन कारोबार से संबंधित लोगों ने पंजीकरण कराया है। काशी सांसद गाइड प्रतियोगिता 20 से 28 फरवरी तक होगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है।
यह प्रतियोगिता दस थीम पर होगी। इसमें काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, काशी के त्योहार, काशी के हस्तशिल्प, काशी और धर्म, काशी के संत (कबीर, तुलसीदास, रविदास आदि), काशी और संगीत और काशी के खानपान शामिल हैं। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत ने बताया कि तीन प्रकार के इवेंट्स विकासखंड और जोन स्तर पर आयोजित होगी।
इन्फिनिटी केयर हॉस्पिटल में हार्ट के दोनों वॉल्व बदले गए
पूर्वांचल में पहली बार इन्फिनिटी केयर हॉस्पिटल में एमआईसीएस विधि से हार्ट के दोनों वॉल्व बदलकर इतिहास रचा गया। सरस्वती ट्रस्ट की ओर से संचालित हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम ने छोटे से कट से डबल वॉल्ब रिप्लेसमेंट की सर्जरी पूरी की।
संस्था के प्रबंध निदेशक डॉ. अभिषेक विक्रम सिंह ने बताया कि इसके पूर्व इन्फिनिटी केयर हॉस्पिटल सफलतापूर्वक सैकड़ों ओपन हार्ट सर्जरी और सिंगल वॉल्व रिप्लेसमेंट की सर्जरी कर चुका है। लेकिन, दोनों वॉल्व बदलवाने के लिए लोगों को दिल्ली और मुंबई जाना पड़ता था और 9 से 10 लाख रुपये खर्च आता था। इस सर्जरी को आयुष्मान कार्ड द्वारा निशुल्क किया गया। ट्रस्टी सदस्यों ने डाॅक्टरों को बधाई दी। टीम में डॉ. अमर नाथ शां, डॉ. पीयूष रॉय, डॉ. सचिन, डॉ. प्रीतेश सहित तमाम टेक्नीशियन, नर्सिंग स्टाफ शामिल थे।
वसूला जा रहा यूरिनल का शुल्क
बनारस स्टेशन पर यूरिनल का शुल्क भी यात्रियों से वसूला जा रहा है। यात्री राज शर्मा ने इसकी शिकायत रेल मदद एप और एक्स पर की है। यात्री के अनुसार प्लेटफाॅर्म संख्या आठ स्थित शौचालय में यूरिनल का शुल्क कर्मचारी ने मांगा, नहीं देने पर उसे जाने नहीं दिया गया। सीनियर डीसीएम ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
कंट्रोल रूम से होती रही भीड़ की निगरानी
श्रद्धालुओं से कैंट और बनारस स्टेशन शनिवार को पटा रहा। कैंट स्टेशन के यात्री हाॅल, प्लेटफाॅर्मों और एफओबी समेत सर्कुलेटिंग एरिया यात्रियों से फुल रहे। खुले में बैठे यात्रियों को होल्डिंग एरिया की ओर भिजवाया गया। दोनों होल्डिंग एरिया रात तक भर गए। आरपीएफ, जीआरपी की टीम ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर यात्रियों को जागरूक करती रही।
हवा में नमी से न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस गिरा
सुबह और रात में हवा में नमी अभी भी बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले सप्ताह तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार है।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में एक गिरफ्तार
जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में काशी विद्यापीठ निवासी हरीश मिश्रा उर्फ बनारस वाले मिश्राजी को सिगरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हरीश को अदालत में पेश कर जिला जेल में दाखिल कर दिया गया।
भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने गत पांच फरवरी को सिगरा थाने में हरीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप है कि हरीश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की है। ऐसा करके हरीश ने सुनियोजित तरीके से उन्माद फैलाने का प्रयास किया है। इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।
आज दो घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
पोलों की शिफ्टिंग और पेड़ कटिंग संबंधित कार्य को लेकर रविवार को दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। लोहता उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। वहीं कबीरनगर में दोपहर 11 से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे अासपास के इलाकों में बिजली नहीं आएगी।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज आएंगे
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रविवार को काशी आएंगे। श्री काशी विश्वनाथ धाम, बाबा काल भैरव के दर्शन पूजन के बाद सर्किट हाऊस में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें वाराणसी, विंध्याचल और प्रयागराज मंडल के सभी जिलों के डीआरपी, लीड बैंक के प्रतिनिधि, 10-10 उद्यमी, उप निदेशक उद्यान और सभी उद्यान अधिकारियों के साथ शामिल होंगे।
होली बाद हड़ताल पर जाएंगे बैंककर्मी
बैंकों में अस्थायी पदों पर आउटसोर्सिंग से नियुक्ति, बैंकिंग उद्योग में अनुचित श्रम प्रथाओं के विरोध और विभिन्न मांगों के समर्थन में बैंक कर्मियों ने हड़ताल का एलान किया है। शुक्रवार की शाम यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के पदाधिकारियों ने नदेसर स्थित इंडियन बैंक परिसर में विरोध दर्ज कराया। यूबीओए के महासचिव कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि 3 मार्च को दिल्ली में धरना प्रदर्शन और 24 व 25 मार्च को दो दिवसीय हड़ताल की जाएगी।
संस्कृत विवि में बिना हेलमेट के प्रवेश नहीं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में दो पहिया वाहन पर हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही चारपहिया से आने वाले लोगों को सीट बेल्ट लगाना होगा। कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के आने वालों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
तीन दिन बाद शुरू हुई सीएनजी की सुविधा
गेल इंडिया द्वारा रविदास घाट पर नावों में सीएनजी भरने की सुविधा तीन दिन बाद फिर से शुरू कर दी गई। अस्सी घाट के नाविकों को अपनी अपनी नावों में गैस भरवाने के लिए चार किलोमीटर दूर राजघाट जाना पड़ रहा था। जीएम गेल सुशील कुमार ने बताया कि कुछ तकनीकी समस्या थी जिसे ठीक कर गैस आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
2.75 करोड़ से होगा बरात घर का निर्माण
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के कई विकास खंडों में 2.75 करोड़ रुपये से मॉडल सामुदायिक भवन और बरात घर के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। विधायक नील रतन पटेल की प्रतिनिधि आदिति सिंह भूमि पूजन में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि ठठरा में हो रहे इस परियोजना से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
शृंगार गौरी सहित 7 मामलों की सुनवाई टली
जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में शनिवार को ज्ञानवापी से संबंधित मां शृंगार गौरी सहित सात मामलों की सुनवाई टल गई। दीवानी के वरिष्ठ अधिवक्ता जटाशंकर सिंह (80) के निधन के कारण सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन द्वारा पारित शोक प्रस्ताव के कारण अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बीएचयू में 27 फरवरी से रिसर्च मेथेडोलॉजी कोर्स
बीएचयू में 27 फरवरी से रिसर्च मेथेडोलॉजी कोर्स की शुरुआत हो रही है। ये कोर्स 10 दिन यानी आठ मार्च तक चलेगा। पीएचडी और पीडीएफ स्कॉलर्स को डेटा रिसर्च, डेटा एनालिससि, ई-लाइब्रेरी के इस्तेमाल, एआई टूल्स और कई अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर पर काम करने की तकनीक सिखाई जाएगी।
सामाजिक विज्ञान, कला, विधि, साइकोलॉजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास या इससे संबंधित विषयों के स्कॉलर इस कोर्स को कर सकते है। कोर्स में निशुल्क प्रवेश मिलेगा। अधिकतम 30 छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा। वाराणसी से 10 सीटें भरी जाएंगी। बाकी 10-10 का चयन राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर करना होगा।
विद्यापीठ में प्रो. अमिता समाजशास्त्र की अध्यक्ष बनीं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में प्रो. अमिता सिंह को नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनका कार्यकाल 24 फरवरी से तीन साल के लिए होगा। उपकुलसचिव हरीश चंद ने बताया कि वर्तमान विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा का कार्यकाल 23 फरवरी को पूरा हो जाएगा। ऐसे में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी के आदेशानुसार प्रो. अमिता सिंह को रोटेशन के आधार पर वरिष्ठता क्रम में विभागाध्यक्ष नियुक्त किया है।
एक प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन-रिसर्च की सुविधा
शोधार्थियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन से लेकर शोध जमा करने तक की सुविधाएं मिलेंगी। शोध-चक्र कार्यक्रम के तहत शुरुआत की गई है। यह शोध लेखन के प्रबंधन को भी मानकीकृत करता है। इससे शोध की गुणवत्ता भी बढ़ेगी। देश के कई विश्वविद्यालय इंफ्लिबनेट की सुविधा का उपयोग कर रहे हैं। शोध उत्पादन में इंफ्लिबनेट सेवाओं की भूमिका विषय पर बीएचयू में एक दिन की संगोष्ठी में जानकारी दी गई।