चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव में शनिवार को दीवार गिरने से महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव निवासी दूधनाथ राजभर की पत्नी नीलम (54) अपने कच्चे मकान में सुबह बैठी हुई थी, इसी बीच मिट्टी की दीवार गिरने से मलबे में दबने से नीलम घायल हो गई। परिजन तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और आसपास के लोगों ने शव का दाह संस्कार कर दिया।
टड़िया गांव के पास शनिवार दोपहर मालवाहक वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार पिता-पुत्री घायल हो गई। आसपास के लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मिर्जामुराद भटपुरवा करधना निवासी अशोक पटेल (50) अपनी पुत्री आस्था पटेल (18) को बाइक से लेकर रोहनिया नकाइन गांव स्थित रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। टड़िया गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आए मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने देरखू मोड़ के पास से एक युवक को दो पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र कुमार निवासी दरेखू का है।