केंद्रीय कार्यालय पर की नारेबाजी, दोबारा नोटिफिकेशन जारी करने की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को लेकर छात्रों ने बृहस्पतिवार को फिर प्रदर्शन किया। केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर छात्रों ने नारेबाजी भी की। छात्र केंद्रीय कार्यालय के अंदर जाकर अधिकारियों से मिलना चाह रहे थे। उनकी सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। इससे नाराज छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय की दीवार पर चढ़कर विरोध जताया। हाल ही में जारी नोटिफिकेशन को रद कर दोबारा जारी करने की मांग की।
विश्वविद्यालय में पीएचडी में दाखिले को लेकर हाल ही में नोटिफिकेशन जारी किया गया था। छात्रों ने बताया कि पिछले दिनों जारी बुलेटिन की जो कमियां थीं, उसको लेकर दिए गए धरने के दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने मांगों को लेकर जो आश्वासन दिया था, उसको बुलेटिन में पूरा नहीं किया गया। सिर्फ एक ही सत्र में नेट परीक्षा क्वालीफाई किए छात्रों को प्रवेश देने का जिक्र है। नोटिफिकेशन में छात्रों की सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा गया। अब संशोधित कर नया नोटिफिकेशन जारी करने की मांग की गई है।