बीएचयू में बंद हॉस्टलों को 14 अक्तूबर से खोलने की तैयारी है। इस बार कमरा आवंटन से पहले छात्रों का नए सिरे से सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें उनके साथ-साथ उनके परिवार के प्रमुख सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। समय-समय पर परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के अलावा हर महीने छात्रों-अभिभावकों संग बैठक भी कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय में 24 सितंबर को कला संकाय और मेडिकल छात्रों के बीच मारपीट, पत्थरबाजी, आगजनी की घटना के अगले दिन से ही हॉस्टल खाली कराने का आदेश हुआ था। कुछ छात्र तो 25 सितंबर को ही घर चले गए जबकि 26 सितंबर की दोपहर तक बिरला छात्रावास, धनवंतरि, रूईया मेडिकल, सुश्रुत छात्रावास खाली करा दिया गया।
अब तक हॉस्टल न खुलने से छात्र संकाय से लेकर विभाग तक का चक्कर काट रहे हैं। पिछले दिनों कुलपति से बातचीत करने गए छात्रों ने हॉस्टल खुलवाने की मांग की थी, जिसके बाद उन्होंने 14 अक्तूबर से कमरा आवंटित किए जाने का आश्वासन दिया था।