काशी हिंदू विश्वविद्यालय में बुधवार की सुबह करीब 11:45 बजे हिंदी विभाग में परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्रा कक्षा में पहुंचे। वहां पहले से मौजूद समाजवादी छात्रसभा बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने उन्हें रोका। पूछा कि कौन जात हो। प्रशांत ने कहा कि इसका क्या मतलब है। इस पर हिमांशु यादव ने कहा कि जो पूछा है, वह बताओ-कौन जात हो। प्रशांत ने कहा, मिश्रा हूं। यह सुनते ही गालियां देते हुए हिमांशु ने प्रशांत को तमाचा जड़ दिया। यह पूरी घटना विवि के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि हिंदी विभाग में परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र ने आरोप लगाया है कि बुधवार को सुबह करीब 11:45 बजे वह क्लास करने विभाग पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद समाजवादी छात्रसभा बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने उनका कोर्स और जाति पूछी। छात्र ने जानकारी दी। यह सुनकर हिमांशु यादव नाराज हो गया।
जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली दी और थप्पड़ मारा। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित छात्र के अनुसार, पूरी घटना विभाग परिसर में लगे सीसी कैमरे में कैद है। घटना के बाद छात्र ने लंका थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की। लंका थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी हिमांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।