बीएचयू प्रशासन ने बिरला छात्रावास में रहने वाले छात्र आशुतोष सिंह को शनिवार को विश्वविद्यालय से निलंबित कर दिया। शनिवार को कुलसचिव की ओर से जारी आदेश में आशुतोष को निलंबित करते हुए उसे छात्रावास सहित अन्य सुविधाओं से वंचित कर दिया गया है। बिना अनुमति कैंपस में प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
सामाजिक विज्ञान संकाय के एमए आईआरपीएम के छात्र आशुतोष को पुलिस ने 20 दिसंबर को रंगदारी, मारपीट, आईआईटी में बवाल करने सहित अन्य आरोपों में गिरफ्तार कर लिया था। उसकी गिरफ्तारी के विरोध में उसके साथियों ने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर उपद्रव किया था।
125 से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल की एक बस में आग लगा दी थी। इस मामले में 13 छात्रों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। बीते गुरुवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन 13 छात्रों को निलंबित भी कर दिया था लेकिन आशुतोष पर कार्रवाई न होने से सवाल खड़े हो रहे थे।
चीफ प्रॉक्टर की संस्तुति पर कुलसचिव ने उसके निलंबन पर मुहर लगाई। आदेश की प्रति आईआरपीएम डायरेक्टर, सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।