वाराणसी। बीएड की स्पेशल डिग्री को एनसीटीई और एमएचआरडी से मान्यता दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को बीएड डिग्री धारक छात्रों ने बीएचयू केंद्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कुलपति को सौंपे ज्ञापन में छात्रों ने इस दिशा में जल्द कार्यवाही की मांग की और चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
बीएचयू शिक्षा संकाय से बीएड की स्पेशल डिग्री पाने वाले और वर्तमान में अध्ययनरत करीब 50 से अधिक छात्र-छात्रा सुबह 10 बजे केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। वे कुलपति से मिलना चाह रहे थे, सुरक्षा गार्डों ने रोकने का प्रयास किया तो उनकी नोंकझोंक भी हुई। सूचना पाकर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी राय ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह तुरंत कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद छात्र केंद्रीय कार्यालय के मुख्य चैनल गेट पर ही बैठ गए।
छात्रों ने बताया कि यह दुखद है कि एनसीटीई, एमएचआरडी के नियमों में बीएड स्पेशल डिग्री को जगह दी गई है, बावजूद इसके स्कूलों में सामान्य शिक्षक पद पर नियुक्ति से रोका जा रहा है। शाम करीब तीन बजे कुलपति के निर्देश पर चार लोगों को बुलाकर बातचीत की गई। हालांकि इसी दौरान कुलपति सम्मेलन भी चल रहा था, इसलिए कुलपति ने शिक्षा संकाय प्रमुख की मौजूदगी में छात्रों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद छात्र वापस लौटे।