23 सितंबर को शहर और 24 सितंबर को बाहर से आए लोग प्रदर्शन में हुए शामिल
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू बवाल को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि बाहरी लोगों ने माहौल बिगाड़ा और परिसर में अराजकता फैली। मगर, खुफिया इकाइयों की रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन से इत्तेफाक नहीं रखती है।
खुफिया इकाइयों के अनुसार 21 सितंबर की शाम छात्रा से हुई छेड़खानी के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों और वार्डन के बरताव से गुस्साई छात्राओं ने रात में ही सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को संदेश भेजकर 22 सितंबर की सुबह बीएचयू गेट पर इकट्ठा होने का आह्वान किया और वहां जुटीं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 सितंबर को प्रदर्शन में सभी राजनीतिक दलों के छात्र संगठनों से जुड़ी और आम छात्राएं भी शामिल थीं। 23 सितंबर तक छात्राओं के बीच लेफ्ट विंग के छात्र संगठनों से जुड़े लोगों ने पैठ बना ली।
इसी दौरान शहर के भी कुछ राजनीतिक और छात्र संगठनों के लोग भी प्रदर्शन में शामिल होने आए। लाठीचार्ज की घटना के बाद 24 सितंबर को दूसरे शहरों से आए लोग भी लंका में विरोध मार्च का हिस्सा बने।
खुफिया इकाइयों के अनुसार 22 सितंबर को बीएचयू गेट पर छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान कोई राजनीतिक विचारधारा नहीं बल्कि छेड़खानी का मुद्दा अहम था। इसी वजह से एबीवीपी, एनएसयूआई और आइसा सहित अन्य संगठनों से जुड़ी छात्राएं और छात्र प्रदर्शन में एक साथ रहे।
22 सितंबर की शाम जब पीएम मोदी का दुर्गाकुंड जाने का रूट अचानक बदल दिया गया तो प्रदर्शन में शामिल लोगों ने इसे अपनी जीत मानी और उनका मनोबल बढ़ा।