एनसीआर में आईआईटी बीएचयू का कैंपस खोलने का प्रस्ताव
आईआईटी बीएचयू के एनसीआर कैंपस को खोलने की मांग उठी है। पुरा छात्रों की ओर से ग्रेटर नोएडा में 15 एकड़ जमीन पर इसे तैयार कराने का प्रस्ताव बनाया गया है। इसमें 200 करोड़ रुपये फंड जुटाने का लक्ष्य है। आधिकारिक अनुमति के लिए ये प्रस्ताव संस्थान को भेजा जाएगा। ग्रेटर नोएडा के इस प्रस्तावित कैंपस में डीप टेक सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस भी बनाया जाएगा। इसमें एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, वीएलसीआई, स्पेस टेक, ड्रोन, ब्लॉकचेन, ईवी एंड बैटरी, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स और क्लाइमेट टेक पर पढ़ाई व शोध होंगे। यहां इंक्यूबेटर और स्टार्टअप्स भी खोले जाएंगे।
आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र सजन टोंगे ने लिंक्ड-इन पर ये जानकारी साझा करते हुए बताया है कि 10 से 15 पूर्व छात्रों की तलाश की जा रही है जो इस प्रोजेक्ट को पूरा करने पर सक्रियता से जुट सकें। सजन ने एआई पॉवर्ड टैलेंट ट्रांसफॉर्मेशन इको सिस्टम के लिए माई एनालिटिक्स स्कूल की स्थापना की है। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने बताया कि अभी उन्हें ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला है लेकिन अपनी टीम से उनके साथ कनेक्ट करने के लिए बात वार्ता की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पूर्वांचल में ही कैंपस विकास के लिए भी काफी काम किया जा रहा है।