बीएचयू के नए कुलपति के तौर पर महाराष्ट्र के बाबा भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, मराठवाड़ा के कुलपति प्रो. बालू आनंद चोपाडे की नियुक्ति पर सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को दोपहर बाद हवाओं और फिजाओं में अटकलें और अफवाहें शुरू हुईं और देर रात तक चलती रहीं।
विश्वविद्यालय की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। प्रो. चोपाडे के मोबाइल नंबर और लैंडलाइन पर फोन किया गया लेकिन बात नहीं हो सकी। संदेश का भी जवाब नहीं आया। विश्वविद्यालय से जुड़े शिक्षकों और छात्रों के साथ ही तमाम अन्य लोगों ने दोपहर बाद से फेसबुक और व्हॉटसएप पर प्रो. चोपाडे की नियुक्ति को पक्का बताते हुए लिखा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इनके नाम पर मुहर लगा दी गई है।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद मानव संसाधन मंत्रालय ने इस आशय का फैक्स विश्वविद्यालय को भेज दिया है। प्रोफाइल के हवाले से प्रो. चोपाडे को माइक्रो बॉयलॉजी, बॉयोटेक्नोलॉजी और बॉयो इन्फार्मेटिक्स का जानकार बताया गया है। तमाम लोगों ने नए कुलपति को बधाई भी दे दी।
विश्वविद्यालय में 21 सितंबर को छात्रा के साथ छेड़खानी, बाद में 23 सितंबर को लाठीचार्ज की घटना के बाद से ही कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी लंबे अवकाश पर भेज दिए गए थे।
प्रो. त्रिपाठी का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होना था। कार्यकाल के अंतिम दिन प्रो. त्रिपाठी विदाई समारोह में शामिल हुए और कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी को कार्यवाहक कुलपति की जिम्मेदारी सौंपकर इलाहाबाद चले गए थे।