बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। दो जुलाई से दोनों जगह नई व्यवस्था लागू की जा रही है।
ओपीडी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। पैथालॉजी में जांच के लिए सुबह आठ से शाम छह बजे तक सैंपल लिया जाएगा और उसी दिन रात 10 बजे तक मरीजों को जांच रिपोर्ट भी मिल जाएगी।
गुरुवार को बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के अधिकारियों की बैठक के बाद दो जुलाई से नई व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी कर दिया गया। नई व्यवस्था आईएमएस में एम्स जैसी सुविधा मिलने की सैद्धांतिक सहमति को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
इसके तहत, ओपीडी और जांच की समयावधि बढ़ा दी गई है। अब तक सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक ओपीडी चलती है लेकिन दो जुलाई से मरीज ओपीडी में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चिकित्सक को दिखा सकेंगे।
डॉक्टरों-कर्मचारियों के लिए दोपहर एक से दो बजे तक भोजनावकाश रहेगा। पर्चा सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक कटेगा। ऑपरेशन भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होंगे।