काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में यूजी, पीजी में प्रवेश प्रक्रिया चार दिन बाद 28 सितंबर से शुरू हो रही है। इस बार देश भर से करीब चार लाख से अधिक आवेदन आए हैं और अभ्यर्थियों की सुविधाओं के लिए देश भर में 185 केंद्रों पर परीक्षाएं कराई जाएंगी। चार अक्तूबर तक होने वाली परीक्षा के पहले दिन यूजी, पीजी मिलाकर कुल 48 पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं होंगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से इस बार की प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है। इसके लिए देश भर से करीब चार लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ऐसे में अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से केंद्रों की सूची फाइनल करने सहित अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में एनटीए के अधिकारी जुट गए हैं। इस बार अधिकांश पाठ्यक्रमों में परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होंगी।
उत्तर प्रदेश में 23 केंद्रों के साथ ही देश भर में 185 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार तीन नए पाठ्यक्रम जोड़े गए हैं। एनटीए की ओर से वेबसाइट पर जारी परीक्षा कार्यक्रम के हिसाब से पहले दिन सुबह 8 से 10 बजे तक की पाली में बीएफए, एमससी कृषि, एमए इतिहास, संस्कृत, अंग्रेजी, आचार्य दर्शन, साहित्य मिलाकर 48 पाठ्यक्रमों की परीक्षा कराई जाएगी। सूत्रों की माने तो शुक्रवार से एनटीए की वेबसाइट पर केंद्रवार प्रवेश पत्र भी अपलोड कर दिए जाने की संभावना है, जिससे कि अभ्यर्थी उसे डाउनलोड कर सकें।