बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी कांपलेक्स में भर्ती कोरोना मरीजों से अब उनके परिजन हर दिन बातचीत कर सेहत की जानकारी ले सकेंगे। सोमवार से यह व्यवस्था शुरू हो रही है। शीशे लगे कमरे के अंदर से मरीज अपने परिजनों को खुद भी सेहत का हाल बता सकेंगे।
मरीजों के इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने शुक्रवार को बीएचयू पहुंचे कमिश्नर से मरीजों के परिजनों ने जब अस्पताल की ओर से सेहत से जुड़ी कोई भी जानकारी ना देने की शिकायत की, जिसके बाद अस्पताल की ओर से इसकी घोषणा करते हुए व्यवस्था की जानकारी कमिश्नर को दी गई। कमिश्नर दीपक अग्रवाल और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सुपर स्पेशियलिटी कांपलेक्स का दौराकर वहां मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों के भागने की घटना पर सुरक्षा के बारे में भी जानकारी ली, जिस पर डिप्टी चीफ प्रॉक्टर ने सभी सुरक्षा पाइंट पर सिक्योरिटी गार्डों के द्वारा मानिटरिंग करते रहने की जानकारी कमिश्रर को दी। जिलाधिकारी ने सुपर स्पेशियलिटी में भर्ती कोविड मरीजों के बारे में फीडबैक लेते रहने के लिए सुपर स्पेशियलिटी कमांड कंट्रोल को जिला प्रशासन के सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर से जोड़ने की व्यवस्था जल्द करने को कहा।