बीएचयू कैंपस में जाती छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में पहली बार पीजी की 80 फीसदी सीटों पर प्रवेश हो चुका है। अभी तक 70 फीसदी तक ही सीटें भर पाती थीं। फिलहाल 8200 में से 6500 सीटों पर प्रवेश पूरे हो चुके हैं। वहीं दो दिन बाद अंतिम मॉपअप राउंड का भी प्रवेश पूरा हो जाएगा यानी इसके बाद करीब 1000 सीटों के भरने का अंदेशा है। इससे कुल 7500 सीटें भर सकती हैं।
बीएचयू के मॉपअप राउंड में अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान से एमए करने वाले अव्वल रहे। दूसरी ओर यूजी दाखिले के चौथे राउंड की काउंसिलिंग और सीट आवंटन को मिलाकर 8000 सीटों पर प्रवेश हो चुके हैं।
बीएचयू में केंद्रीय प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. भास्कर भट्टाचार्य के अनुसार व्यक्तिगत तौर पर अभ्यर्थियों से बातचीत कर प्रवेश से संबंधित स्टेटस लिया गया। दाखिले के नियमों और जरूरतों से संबंधित सूचनाओं को लगातार अभ्यर्थियों से साझा कर कहा गया कि मॉपअप राउंड में हिस्सा लें। इसी से दाखिले बढ़े हैं।
अर्थशास्त्र में 104 और राजनीति विज्ञान में 103 दाखिले
पीजी मॉपअप राउंड की 1244 सीटों में सबसे ज्यादा दाखिले अर्थशास्त्र में 104 और राजनीति विज्ञान से एमए में 103 विद्यार्थियों के हुए। समाजशास्त्र में 87, एलएलबी में 85, मनोविज्ञान में 67, इतिहास में 66 और अंग्रेजी में 61 आवेदकों के नाम मेरिट लिस्ट में जारी किए गए हैं।एमसीए में 67 और एमकॉम में 43 सीटों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। गणित में 42, भूगोल में 38, हिंदी में 33, कृषि विज्ञान में 27, शारीरिक शिक्षा में 25, एमबीए, एमएड और एमएससी- रसायन विज्ञान में 23-23 आवेदकों के नाम मेरिट में आए हैं। एलएमएम में 17, फॉरेंसिक साइंस में 16 और भौतिक विज्ञान 15 अभ्यर्थियों को फीस जमा करने की लिंक दी गई है। वहीं, सबसे कम हॉर्टिकल्चर, इंडस्ट्रियल रिलेशंस, फाइन आर्ट्स पेंटिंग, सोशल इन्क्लूजन और शिक्षा से एमए में सिर्फ चार-चार अभ्यर्थियों को फीस जमा करने की लिंक भेजी गई है।