गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर चौराहे के पास रविवार को एक दिव्यांग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला। महिला के गले पर निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खाना देने पहुंचे परिजन तो मिली मौत की जानकारी
गोपपुर निवासी गुड़िया गौतम (42) दिव्यांग थीं। उनका एक पैर पूरी तरह खराब था। उनके पति की करीब तीन साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। घर में जेठ कलाशंकर और रमाशंकर का परिवार रहता है। जेठ रमाशंकर के अनुसार परिवार के सदस्य ही गुड़िया की देखभाल करते थे। रविवार दोपहर परिवार का एक सदस्य उन्हें खाना देने कमरे में पहुंचा तो वह चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। उनके गले पर भी निशान थे। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।