त्योहार पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन मंगलवार से शुरू हो गया। 7 माह के बाद वाराणसी से जम्मू के बीच बेगमपुरा एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ। ट्रेन की सभी 22 कोच को रेलवे ने उत्कृष्ट रंग रूप दिया। कोच के अंदर सोशल डिस्टेंसिग के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
वातानुकूलित कोच में यात्री रेड कार्पेट से होकर अपनी सीट पर पहुंचे। कोच में वाल पर झलक रही बनारस की संस्कृति ने यात्रियों को काफी आकर्षित किया। एडीआरएम रवि चतुर्वेदी समेत रेलवे अधिकारियों ने बेगमपुरा एक्सप्रेस को रवाना किया।
कैंट रेलवे स्टेशन से अपने निर्धारित समय दोपहर 12.40 बजे 02237 बेगमपुरा एक्सप्रेस जम्मूतवी के लिए रवाना हुई। ट्रेन में सवार होते ही यात्रियों ने जय माता दी का उद्घोष करके सफर शुरू किया। इस दौरान एडीआरएम रवि प्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि त्योहार स्पेशल बेगमपुरा एक्सप्रेस के सभी 22 कोच को उत्कृष्ट कोच बनाया गया है।
कोरोना संक्रमण के प्रति यात्रियों को जागरूक करने के इरादे से कोच के अंदर फर्श पर पीली पट्टी खींची गई है। यात्रियों के इन्ही पट्टी के अंदर रहना होगा। इसके अलावा स्लीपर व वातानुकूलित कोच के टॉयलेट में भी कई बदलाव हुए हैं। इस कोच का नाम ही उत्कृष्ट रखा गया है।
31 तक 180 से अधिक सीटें खाली
बेगमपुरा एक्सप्रेस कैंट रेलवे स्टेशन से रोजाना चलेगी। लखनऊ के रास्ते जाने वाली ट्रेन के सभी श्रेणी के कोच में 180 से अधिक सीटें 31 अक्तूबर तक खाली हैं।