श्री काशी विश्वनाथ धाम के मंदिर चौक को सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। डेढ़ महीने तक चलने वाले आयोजनों में देश के नामचीन कलाकारों के अलावा स्थानीय कलाकार भी बाबा के चरणों में स्वरांजलि अर्पित करेंगे।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के प्रांगण में बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक अनवरत चलेगा। डेढ़ माह के आयोजनों के दौरान बाबा का नियमित रुद्राभिषेक और पाठ काशी के बटुक व वेदपाठियों द्वारा कराया जाएगा। इसके साथ ही बाबा के दरबार से मां गंगा की आरती की शुरुआत होगी।
काशी विश्वनाथ धाम में नवनिर्मित मंदिर चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जनसभा का आयोजन की योजना है। इसमें पीएम के साथ कई प्रमुख धर्माचार्य भी मंच साझा कर सकते हैं। यहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ धाम के भव्य स्वरूप में सरकार के प्रयासों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दे सकते हैं। मंदिर चौक परिसर में एक लाख लोगों के जुटान की क्षमता है और प्रशासन यहां कार्यक्रम को लेकर तैयारी में जुट गया है।
काशीपुराधिपति के भव्य दरबार के लोकार्पण से पहले ही काशी में उत्सव का माहौल बनाया जाएगा। प्रशासन की ओर से भिन्न विभागों से काशी विश्वनाथ धाम में आयोजन की कार्ययोजना मांगी गई है। इसमें देशभर के श्रद्धालुओं को बाबा के दर तक लाने के लिए पर्यटन विभाग आयोजनों के जरिए अभियान चलाएगा। इसके साथ ही अलग-अलग विभाग भी आयोजन करेंगे। दो दिसंबर से विभागों के आयोजन शुरू किए जा सकते हैं।