बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की महाप्रबंधक अंजली गोयल की उपस्थिति में शनिवार को न्यू लोको टेस्ट शॉप में वित्तीय वर्ष 2021-22 में निर्मित 100वें रेल इंजन डब्ल्यूएजी9एचसी को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पूजन के बाद हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया। यह रेल इंजन छह हजार अश्वशक्ति का मालवाहक विद्युत लोको छह हजार टन की मालगाड़ी को अकेले खींच सकता है।
इसमें लगे रिजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम की वजह से 15 से 20 प्रतिशत ऊर्जा की बचत भी होगी। इसकी अधिकतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें चालक की सुविधा के लिए चालक कक्ष को पूरी तरह से वातानुकूलित बनाया गया है। यह रेल इंजन पूर्व रेलवे के आसनसोल विद्युत लोको शेड को भेजा गया।
महाप्रबंधक ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान के लिए 100वें रेल इंजन का अपने साथ मेडिकल टीम को हरी झंडी दिखाने का अवसर दिया। साथ ही कोरोना नियमों का पालन करते हुए उत्पादन जारी रखने के लिए बरेका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बरेका के 25 फीसदी कर्मचारी कोरोना की दूसरी लहर में गंभीर रूप से प्रभावित हुए, बावजूद इसके 50 प्रतिशत कर्मचारियों ने इस कार्य को पूरा किया है।