वाराणसी। मुख्यमंत्री और वीवीआईपी आगमन को लेकर बरेका को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। शुक्रवार और शनिवार को बरेका परिसर व आसपास क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनधिकृत ड्रोन गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार इस अवधि में किसी भी प्रकार के ड्रोन, यूएवी (अनमैन्ड एरियल व्हीकल), पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट या अन्य किसी भी उड़ने वाले उपकरण का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। यह प्रतिबंध कार्यक्रम शुरू होने से 24 घंटे पूर्व से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। सिर्फ सक्षम प्राधिकारी व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अधिकृत उपकरणों को ही संचालन की अनुमति होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि आदेश का कड़ाई से पालन कराएं।
उधर, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व अन्य वीआईपी के आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। बिना चेकिंग किसी को भी कैंपस में नहीं जाने दिया गया। सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने को लेकर दिन भर यातायात पुलिस मुस्तैद रही।