बैंक कर्मी ने फांसी लगाकर दी जान
- फोटो : सोशल मीडिया
वाराणसी के लंका थाना अंतर्गत सामने घाट ज्ञान प्रभा नाले के पास पेड़ से फांसी लगाकर बैंक कर्मी यदुनंदन सिंह (54) ने खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। यदुनंदन सिंह वाराणसी के चांदपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में कैशियर के पद पर तैनात थे।
सामनेघाट स्थित सर्वेश्वरी नगर कॉलोनी निवासी यदुनंदन सिंह रात से ही बिना बताए घर से गायब थे। परिजनों के अनुसार आत्महत्या के कारणों का पता नहीं है। उधर लंका इंस्पेक्टर महेश पांडेय ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। चांदपुर स्थित बैंक में भी बातचीत की गई है। यदुनंदन सिंह के तीन पुत्र और एक पुत्री है। बड़े बेटे कुलदीप सिंह (28) से घटना के बाबत पूछताछ की गई है।
आसपास के लोगों ने बताया कि यदुनंदन सिंह बहुत अच्छे इंसान थे। उन्होंने अचानक से ये आत्मघाती कदम क्यों उठाया ये समझ से परे है। इधर, बैंक कर्मी की मौत के बाद से उनके परिजनों में कोहराम मचा है।