उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के बैरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के पुत्र शिव कुमार वर्मा और 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध पुलिस ने शनिवार की रात सरकारी अधिकारी को बंधक बनाने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, बलवा, गालीगलौज आदि के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई तहसीलदार बैरिया शिवसागर दुबे की तहरीर पर की है।
तहसीलदार शिवसागर दुबे ने तहरीर में आरोप लगाया है कि अपने कार्यों को जल्दी निस्तारित कराने के लिए शिव कुमार दबाव बना रहे थे। शनिवार को बलिहार गांव से पैमाइश करके वापस आते समय दुबेछपरा ढाला पर करीब 20 मोटरसाइकिल सवारों ने घेरकर मेरे वाहन को रुकवाया और मेरी ही गाड़ी में मुझे तीन से चार घंटे तक बंधक बनाया गया। कहा गया कि जो कह रहा हूं, वह करो वरना बचा हुआ समय बेकार हो जाएगा।