राज्य कौशल विकास एवं खेलमंत्री चेतन चौहान
- फोटो : अमर उजाला
ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटरों पर बाल टेंपरिंग मामले में आजीवन प्रतिबंध लगना चाहिए। क्रिकेट कलंकित हुआ है। साल 2007-08 में भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में इसी तरह का कृत्य किया था। भारत ने शिकायत भी की थी जिसको गंभीरता से नहीं लिया गया।
महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के कार्यक्रम में शिरकत करने सोमवार को वाराणसी पहुंचे राज्य कौशल विकास एवं खेलमंत्री चेतन चौहान ने बातचीत के दौरान ये बातें कही। उन्होंने कौशल विकास योजना की तारीफ़ हुए बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त देश के करोड़ों युवाओं को रोजगार दिया गया है।
यह योजना सिर्फ नौकरियों तक ही सीमित नहीं है। युवा इस योजना से सीख कर अपने हुनर को चमका रहे हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने शनिवार को बॉल के साथ छेड़खानी करने की बात कुबूल की थी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और आईसीसी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वार्नर की पद से छुट्टी कर दी। वहीं आईसीसी ने स्मिथ पर एक मैच का प्रतिबंध व मैच फीस का सौ फीसदी जुर्माना लगाया है।
वर्तमान सत्र में होंगे रणजी के मुकाबले
सूबे के खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि वर्तमान सत्र से वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में रणजी मैचों का आयोजन होगा। स्टेडियम में तीन विकेटों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को खेल व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश के साथ ही काम को जल्द कराने का निर्देश दिया।
सोमवार की शाम को खेल मंत्री सिगरा स्टेडियम का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 2003 के बाद 2018 में रणजी मैचों का आयोजन शुरू होगा। इसके साथ ही खेलों की सुविधाओं में भी बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है।