अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों में शुरू की गई टेलीमेडिसिन सेवा में इंटरनेट नेटवर्किंग की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। स्लो नेटवर्किंग की वजह से इस सुविधा का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। लाख प्रयास के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के लिए सुचारु संचालन कराना बड़ी चुनौती बनी हुई है।
जरूरत पड़ने पर मरीजों को दीनदयाल अस्पताल के साथ ही पांच सीएचसी पर टेली मेडिसिन से परामर्श देने की व्यवस्था की गई है। सीएचसी नरपतपुर, चोलापुर, मिसिरपुर, गंगापुर और आराजीलाइन भी इसमें शामिल हैं। कोरोना काल में भी यह सुविधा लोगों के लिए बहुत उपयोगी साबित हुई। लोगों को घर बैठे ही कोविड प्रोटोकॉल के बारे में बताया गया। दीनदयाल में तो यह व्यवस्था पूरी तरह से सरकारी व्यवस्था पर निर्भर है जबकि सीएचसी पर पीपीपी मॉडल के तहत व्यवस्था चल रही है। संचालन के लिए रोटेशन पर चिकित्सकों की ड्यूटी रहती है, लेकिन नेटवर्किंग की समस्या बनी रहती है। मरीजों को परामर्श देने में परेशानी होती है।
टेलीमेडिसिन सेंटर पर नेटवर्किंग की समस्या दूर करने के लिए बीएसएनएल के अधिकारियों से कई बार बात की जा चुकी है। बेहतर नेटवर्किंग की सुविधा के लिए प्रधान महाप्रबंधक को पत्र लिखा जाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ निर्बाध तरीके से मिल सके। - डॉ. संदीप चौधरी, सीएमओ