बीएचयू के राजनीति विज्ञान विभाग में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का शनिवार को उद्घाटन हुआ। बतौर मुख्य अतिथि जेएनयू की कुलपति प्रो. शांति श्री पंडित ने भारतीय संस्कृति एवं समाज में प्रवासी भारतीयाें की भूमिका को अहम बताया। मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र के सभागार में महात्मा गांधी एंड इंडियन डायसपोरा अंडर यूरोपियन रूल एंड लेटर विषयक गोष्ठी में प्रो. शांतिश्री पंडित ने प्राचीन इतिहास से वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति एवं समाज में प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान एक पत्रिका का अनावरण किया गया।
जेएनयू के रेक्टर प्रो. अजय कुमार दूबे ने गांधी के मूल्यों और प्रवासी भारतीयों के योगदान के बारे में चर्चा की। डरबन विश्वविद्यालय से संबद्ध प्रो. बेट्टी गोविंदन ने गांधी के विचारों की प्रासंगिकता पर ध्यान आकर्षित कराया। अध्यक्षता सामाजिक विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. कौशल किशोर मिश्र, अतिथियों का स्वागत प्रो. शुभाराव और संयोजन राजनीति विज्ञान विभाग से प्रो. तेज प्रताप सिंह ने किया।