योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा, एकजुट होकर दबाव बनाना जरूरी
- फोटो : अमर उजाला
योग गुरु बाबा रामदेव ने केंद्र सरकार से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए संसद में अध्यादेश लाकर विशेष कानून बनाने की मांग की है। संसद अध्यादेश लाने में समर्थ है। संसद न्याय का सबसे बड़ा मंदिर है। उनका कहना यह भी है कि राम मंदिर पर रार बहुत हो रही है। अब इसके पटाक्षेप की जरूरत है। बोले, मोदी से बड़ा रामभक्त-राष्ट्रभक्त कौन है, इसलिए मंदिर निर्माण का काम संसद से होना चाहिए।
वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पाणिनी भवन सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित अभिनंदन समारोह के बाद पत्रकारों से बाबा रामदेव ने कहा, विश्व हिंदू परिषद समेत जो भी संगठन मंदिर निर्माण के लिए 25 नवंबर को आंदोलन कर रहे हैं, वह ठीक है। इस मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर दबाव बनाने की जरूरत है। मामले में सुप्रीम कोर्ट में देरी हो चुकी है। लोगों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है और व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है।
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर रामदेव ने कहा कि अभी सरकार और विपक्ष के बारे में कुछ नहीं बोल रहा हूं। न पक्ष, न विपक्ष अभी निष्पक्ष हूं।