जहानागंज के इटौरा-कम्हरिया मुख्य मार्ग पर स्थित जहानागंज थाने के सेवटा मोड़ पर रविवार की शाम करीब पांच बजे अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर सास और बहू की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। घटना के समय सास अपनी गर्भवती बहू को दवा दिलाने गई हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घर वालों को सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सास, बहू की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृत महिला गायत्री देवी (62) पत्नी शंकर राजभर और उसकी बहू रिंकू देवी (25) पत्नी गोविंद राजभर थी। यह दोनों जहानागंज थाने के पकड़िया गांव के रहने वाली थी। रिंकू देवी गर्भवती थी। ऐसे में सास गायत्री देवी परिवार के एक युवक के साथ उसकी बाइक पर बैठकर रिंकू को दवा दिलाने के लिए बाजार आई हुई थी।
यहां से घर लौटते समय जैसे ही बाइक इटौरा-कम्हरिया मुख्य मार्ग पर स्थित सेवटा मोड़ पर पहुंची कि वहां रास्ता संकरा होने की वजह से युवक ट्रक को जाने के लिए अपनी बाइक खड़ी कर दिया। जैसे ही ट्रक इनकी बाइक के पास पहुंचा कि सास और बहू असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिये के नीचे आने से कुचलकर घायल हो गई। घटना के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया। लोग जब तक घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध करते कि दोनों की मौत हो गई।