नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीएचयू में शुरू अटल इन्क्यूबेशन सेंटर में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उद्घाटन के बाद बुधवार को यहां चहल-पहल अधिक रही। बीएचयू परिसर स्थित सेंट्रल आफिस के निकट बने नये भवन के पांचवें तल पर चल रहे सेंटर में स्टार्ट अप से जुड़े लोगों को उद्यमिता को बढ़ावा देने के बारे में जानकारी दी गई।
जरूरत पड़ने पर प्रयोगशाला का भी प्रतिभागी प्रयोग कर सकेंगे। प्रबंध अध्ययन संस्थान के निदेशक डॉ. पीएस त्रिपाठी ने बताया कि बीएचयू को नीति आयोग की ओर से इस सेंटर से सम्मानित किया गया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने योजना के साथ साझेदारी करने की सहमति भी दी है। बताया कि फिलहाल सेंटर के माध्यम से जितने लोगों को जोड़ा गया है, उन्हें यहां से इसके संचालन आदि के बारे में जानकारी दी जा रही है।
उद्यमियों की क्षमता का निर्माण, संसाधन प्राप्त करने में सहायता मिलने के साथ ही देश भर में नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। बांबे स्टाक एक्सचेंज इंस्टीट्यूट और जोन स्टार्टअप इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में सेंटर पर क्वेस्ट स्टार्ट अप मेंटरशिप कार्यक्रम चलाया जाएगा। कार्यक्रम में सलाहकारों के साथ फेस टू फेस बातचीत, निवेशकों और सहकर्मियों से चर्चा भी होगी। तीन महीने तक चलने वाले कार्यक्रम की तैयारी तेज हो गई है।