यूपी के गाजीपुर में 20 अप्रैल से शुरू होने वाली सेना भर्ती रैली के मद्देनजर सेना के कर्नल, निदेशक सेना भर्ती कार्यालय मनीष धवन ने जिला मुख्यालय पहुंच कई ग्राउंडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विनय कुमार भी मौजूद रहे।
श्री धवन जिला मुख्यालय पर पहुंचते ही सबसे पहले पीजी कालेज ग्राउंड पहुंचे। मैदान का निरीक्षण करने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद वह सीधे कृषि विज्ञान केंद्र होकर आरटीआई ग्राउंड में पहुंचे।
निरीक्षण करने के बाद बताया कि सेना भर्ती में आए अभ्यर्थियों को यहीं से टोकन वितरित किया जाएगा। कहा कि यह भर्ती 20 अप्रैल से आरंभ होकर 30 अप्रैल तक चलेगी। इस दौरान अतिरिक्त एसडीएम ने बताया कि रैली भर्ती के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाएगी।
गर्मी का मौसम होने से बिजली और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी। जिससे अभ्यर्थियों को किसी तरह की समस्या न हो। सेना भर्ती बोर्ड के निदेशक मनीष धवन और जिलाधिकारी के बालाजी की मौजूदगी में बिजली विभाग, पीडब्लूडी विभाग, जल निगम, नगरपालिका सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिसमें डीएम ने रैली भर्ती बोर्ड को लेकर सभी व्यवस्था चुस्त-दुरूस्त करने का निर्देश दिया।
20 अप्रैल से सेना भर्ती रैली गाजीपुर पीजी कालेज के खेल मैदान में शुरू होगी और 30 तक चलेगी। सबसे पहले भदोही जिले को मौका दिया जाएगा। जबकि अंतिम दिन 30 अप्रैल को गाजीपुर के युवाओं को मौका मिलेगा।