धौरहरा गांव में बीती रात लगे देश विरोधी नारे
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के धौरहरा गांव में दो-तीन विवादित वीडियो-ऑडियो वायरल होने के बाद शनिवार की सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। अंधेरे में मोबाइल से बनाई गईं इन वीडियो क्लिप में पिक्चर अस्पष्ट हैं और ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ की आवाजें आ रही हैं।
इसे धौरहरा गांव का बताए जाने के बाद तकरीबन पांच सौ से अधिक युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतर आए। हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के साथ गांव में प्रभात फेरी निकाली। व्यापारियों ने भी दुकानें बंद रख उनका समर्थन किया।
सूचना मिलते ही भारीभरकम फोर्स के साथ प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। कुछ ही देर में पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया। चंदौली सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के निर्देश पर जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह भी पहुंचे।
पुलिस-प्रशासन और भाजपा नेताओं की लंबी मशक्कत पर दोपहर बाद किसी तरह हंगामा थमा लेकिन तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव में फोर्स तैनात है। उच्चाधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं।