शरीर पर पेट्रोल डालते ही वहां मौजूद शिक्षकों ने उसे पकड़ लिया
- फोटो : अमर उजाला
नौ साल से वेतन न मिलने से नाराज प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक ने मऊ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया किंतु शिक्षकों ने उन्हें पकड़ लिया। साथ ही, बीएसए कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
सहायक अध्यापक रामवृक्ष यादव फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के लखनौर स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को सरायलखंसी थाने ले आई।
कोर्ट के आदेश पर विभाग शिक्षक रामवृक्ष यादव से अध्यापन का कार्य करा रहा है, लेकिन उसे नौ साल से वेतन नहीं मिल रहा है। इससे परेशान शिक्षक ने प्रभारी मंत्री के सामने आत्मदाह करने की अधिकारियों को धमकी दी थी। लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
सोमवार को शिक्षक रामवृक्ष यादव ने दिन में लगभग तीन बजे बीएसए कार्यालय परिसर में शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया। तब तक वशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अंजनी सिंह, सतीश सिंह और अन्य शिक्षकों ने उन्हें पकड़ लिया। साथ ही बीएसए कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की।
घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस शिक्षक को थाने ले गई। प्रदर्शनकारी शिक्षक थाने पर ही बीएसए को बुलाकर समस्या का समाधान कराने की मांग करने लगे। बीएसए के न आने पर शाम छह बजे सभी शिक्षक रामवृक्ष को लेकर लौट आए। बीएसए राकेश कुमार ने कहा कि मामला कोर्ट में है इसके चलते मेरे स्तर से कोई कार्रवाई नहीं होनी है।