भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मिर्जापुर और वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर पार्टी के मिशन 2019 को रफ्तार देंगे। शाह मिर्जापुर में तीन प्रांतों के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग संवाद करेंगे। उनसे सरकार, संगठन, सरकारी योजनाओं और सांसदों-विधायकों का फीडबैक भी लेंगे।
भाजपा अध्यक्ष बुधवार सुबह 11 बजे तिरुवनंतपुरम केरल से विमान से लाल बहादुर शास्त्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इससे पहले ही लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबतपुर पहुंच जाएंगे।
यहां से सैदपुर स्थित वरिष्ठ पार्टी नेता कलराज मिश्र के घर जाएंगे। वहां से लौटकर एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का स्वागत करेंगे। उसके बाद दोनों नेता हेलीकाप्टर से विंध्याचल धाम जाएंगे।
दर्शन-पूजन के बाद दोपहर दोनों नेता दो अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। पहली बैठक में इसमें काशी, गोरक्ष और अवध प्रांत के 80 विस्तारक हिस्सा लेंगे। दूसरी बैठक में प्रदेश संगठन के चुनिंदा पदाधिकारी, मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। अमित शाह और मुख्यमंत्री के आने से पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और डॉ. दिनेश शर्मा भी विंध्याचल पहुंचेंगे। विस्तारक देर शाम तक विंध्याचल पहुंच गए थे।
मिर्जापुर में बैठक के बाद शाम पांच बजे दोनों नेता वाराणसी रवाना हो जाएंगे। शाम 5:30 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचने के बाद वह सीधे बड़ालालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल जाएंगे। वहां शाम छह से सात बजे तक आईटी सेल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। वहां से शाम 7:30 बजे नगवां स्थित अमेठी कोठी पहुंचेंगे।
जहां संगठन के पदाधिकारियों के साथ अहम मंत्रणा होगी। पांच जुलाई की सुबह 8:15 बजे अमेठी कोठी से बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना होंगे। 9:15 बजे विमान से आगरा जाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
बुधवार को मिर्जापुर से लौटने के बाद मुख्यमंत्री शहर में चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी कर सकते हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन की भी चर्चा है।