डॉ. लहरी को देखने आज एसएसबी जाएंगे कुलपति
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि पद्मश्री डॉ. टीके लहरी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है। इस मामले में आईएमएस निदेशक से बातचीत कर उनके सेहत की जानकारी भी ली है। डॉ. लहरी को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। प्रो. चतुर्वेदी ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को खुद भी एसएसबी में जाकर डॉ. लहरी का कुशलक्षेम जानेंगे।
परिवार के सदस्यों को मिली सूचना, आ सकते हैं बनारस
पांच दशक से डॉ.टीके लहरी को जानने वाले नरिया निवासी अहमद अली ने बुधवार को अमर उजाला से बातचीत में बताया कि डॉक्टर साहब के 15 दिन बाद अस्पताल में भर्ती होने के बाद अब उनका अच्छा इलाज हो सकेगा।
बताया कि मंगलवार को आईएमएस निदेशक के पास जाकर डॉ. लहरी के बीमार होकर घर पर पड़े रहने की जानकारी देने के बाद शाम को उनको भर्ती करवा दिया। अहमद अली ने बताया कि डॉक्टर लहरी की बहन और परिवार के अन्य सदस्यों को बीमार होने की जानकारी भी मैने दे दी है। परिवार के सदस्य भी जल्द ही बनारस आ जाएंगे।