बीते बुधवार को गैंगवार की घटना के बाद लोगों में चर्चा रही कि अजीत के पास कई लाइसेंसी असलहे थे। बात करने पर पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने कहा कि हालांकि इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं मांगी गई है, लेकिन अजीत के खिलाफ इतने मामले दर्ज थे, कि उसके नाम से कोई शस्त्र का लाइसेंस नहीं बन सकता था। वहीं मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के प्रभारी नीरज पाठक ने स्पष्ट किया कि उसके दादा के नाम पर डीबीबीएल गन थी। जो उनकी मृत्यु के बाद से जमा है।
देर रात घर पहुंचा शव, रातोंरात हुआ अंतिम संस्कार
अजीत सिंह का शव बृहस्पतिवार देर रात उनके पैतृक गांव देवसीपुर लाया गया। इस दौरान कड़ी सुरक्षा थी। ठंड के बावजूद अजीत के घर पर काफी भीड़ जमा रही। रात में ही परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर गाजीपुर रवाना हो गए। वहां अजीत के बड़े पुत्र उत्कर्ष ने मुखाग्नि दी। वहीं अजीत सिंह की हत्या के बाद उपजे तनाव को देखते हुए उनके पैतृक आवास पर पुलिस का पहरा है। अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने के दौरान भी पुलिस साथ-साथ थी।
आधी रात लगभग 12 बजे जब घर पर शव पहुंचा तो पूरा माहौल चीत्कार से गूंज उठा। परिवार के सदस्यों के साथ पत्नी बच्चे शव से लिपट कर रोने लगे। इस दौरान पुलिस ने संवेदना दिखाई और परिजनों को समझा-बुझाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की व्यवस्था कराई। शमशान स्थल पर दो ट्रक पीएसी जवानों के साथ आधा दर्जन थानों की पुलिस मौजूद रही। बता दें कि अजीत सिंह के परिवार में सबसे बड़ी उनकी पुत्री उन्नति 13 वर्ष, पुत्र उत्कर्ष 9 वर्ष और और सबसे छोटा बेटा चार वर्ष का है। परिवार के सदस्य पढ़ाई लिखाई के लिए कोलकाता में रहते हैं।