वाराणसी के रणबांकुरे स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली के पहले दिन 12 जिलों के 1091 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इस दौरान टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट के लिए 847 अभ्यर्थी दौड़े, जिसमें 141 सफल हुए।
वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे स्टेडियम में रविवार को अग्निवीर सेना भर्ती रैली के पहले दिन टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट पद के लिए 847 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ लगाई। इनमें से 141 अभ्यर्थियों ने निर्धारित 5 मिनट 45 सेकंड में दूरी तय की और सफलता हासिल की। सफल अभ्यर्थियों को अब अगले चरण की प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।
विज्ञापन
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, अग्निवीर टेक्निकल और ऑफिस असिस्टेंट के पद के लिए वाराणसी सहित 12 जिलों के 1091 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों की लंबाई और वजन के साथ ही सीने की माप लेकर उनके कागजात चेक किए गए।
सोमवार (5 अगस्त) को 12 जिलों के अभ्यर्थियों को 8वीं / 10वीं पास ट्रेड्समैन के अलावा चंदौली जिले की सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों को अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती रैली के लिए बुलाया गया है।
विज्ञापन
वास्तविक दस्तावेज के साथ आएं
सेना भर्ती कार्यालय के मुताबिक, एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज का 20 फोटो, 8वीं की मार्कशीट और टीसी की मूल प्रति, 10वीं की मार्कशीट और टीसी की मूल प्रति, 12वीं की मार्कशीट की मूल प्रति, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, एनसीसी सर्टिफिकेट की मूल प्रति, पैन कार्ड, आधार कार्ड (मोबाइल नंबर अपडेट हो), रिलेसनशिप सर्टिफिकेट जरूर लेकर आना है। वास्तविक दस्तावेज ही मान्य होंगे।