महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 17 मई से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाएं छात्रों के विरोध के बाद टाल दी गई हंै। अब ये परीक्षाएं सात जून के बाद कराई जाएंगी। शनिवार को भी प्रशासनिक भवन के समक्ष धरने पर बैठे छात्रों को सहायक कुलसचिव ने इसकी जानकारी दी। इसके बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया।
विद्यापीठ प्रशासन ने सत्र नियमित करने के उद्देश्य से 17 मई से 30 मई तक सेमेस्टर परीक्षाएं कराने का फैसला लिया था। इस पर विवि प्रशासन पर जल्दीबाजी का आरोप लगाते हुए छात्रसंघ अध्यक्ष आयूषी श्रीमाली के नेतृत्व में हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को प्रशासनिक भवन पर धरना दिया, था। शनिवार को भी छात्र धरने पर बैठ परीक्ष्ााएं टालने की मांग करने लगे। शाम चार बजे छात्रसंघ भवन से निकलकर विद्यार्थी प्रशासनिक भवन पहुंचे और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करने लगे। करीब एक घंटे बाद कुलपति के आदेश पर सहायक कुलसचिव डॉ. सुरेंद्र नाथ सिंह ने सात जून के बाद परीक्षाएं कराने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि परीक्षा की समय-सारिणी बाद में जारी की जाएगी।