वाराणसी जिले में जहां एक ओर सभी स्कूल खुल गए हैं, वहीं बीएचयू से जुड़े सीएचएस में अब तक दाखिले की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो पाई है। यहां दाखिले के लिए हर साल न केवल वाराणसी बल्कि यूपी के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र आवेदन करते हैं।
बीएचयू से जुड़े सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस)में नर्सरी, एलकेजी, पहली, छठी एवं नौवीं कक्षा में सत्र 2021-22 में दाखिला अटक गया है। 25 अगस्त को ई लॉटरी निकाले जाने के 10 दिन बाद भी अभी बीएचयू प्रशासन की ओर से रिजल्ट जारी करने के बारे में कोई फैसला नहीं हो पाया है। बीएचयू प्रशासन की ओर से वेबसाइट पर भी कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में अभ्यर्थी परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
इस बार ऑनलाइन आवेदन के बाद ई लाटरी 25 अगस्त को विश्वविद्यालय के शताब्दी कृषि सभागार में निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों, छात्रों ने ई लॉटरी प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करते हुए धरना, प्रदर्शन भी किया था।